झांसी/लुहारी। झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सफर करने वाले वाहन चालकों को अब फिर अधिक टोल चुकाना होगा। सेमरी, एट, हरपालपुर और लुहारी टोल प्लाजा पर नई दरें लागू कर दी गई हैं। इन टोल प्लाजा पर शुल्क में करीब चार से पांच प्रतिशत की वृद्धि की गई है। खास बात यह है कि तीन माह के भीतर दूसरी बार टोल दरों में बढ़ोतरी हुई है। हालांकि, झांसी-ललितपुर हाईवे पर स्थित टोल प्लाजा की दरों में इस बार कोई बदलाव नहीं किया गया है।
मार्च के अंत में टोल दरों में बढ़ोतरी के बाद अब फिर संशोधित दरें लागू होने से नियमित यात्रियों और व्यावसायिक वाहन संचालकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा।
सेमरी टोल प्लाजा पर अब कार, जीप और वैन के लिए एकल यात्रा का शुल्क 135 रुपये, उसी दिन वापसी का 200 रुपये और मासिक (50 एकल यात्रा) पास 4,420 रुपये होगा। हल्के व्यावसायिक वाहनों से 215 रुपये, जबकि बस और ट्रक से 450 रुपये प्रति एकल यात्रा वसूले जाएंगे।
एट टोल प्लाजा पर कार, जीप और वैन के लिए एकल यात्रा 130 रुपये, वापसी 195 रुपये और मासिक पास 4,340 रुपये रहेगा। बस एवं ट्रक के लिए एकल यात्रा शुल्क 440 रुपये निर्धारित किया गया है।
हरपालपुर (सुगीरा) टोल पर कार, जीप और वैन के लिए एकल यात्रा 40 रुपये, वापसी 60 रुपये और मासिक पास 1,355 रुपये होगा। वहीं लुहारी टोल प्लाजा पर कार, जीप और वैन के लिए एकल यात्रा 165 रुपये, वापसी 245 रुपये तथा मासिक पास 5,440 रुपये निर्धारित किया गया है।
झांसी-ललितपुर हाईवे पर राहत
एनएचएआई के परियोजना निदेशक मनोज कुमार ने बताया कि झांसी-ललितपुर हाईवे के टोल प्लाजा पर इस बार शुल्क में कोई वृद्धि नहीं की गई है। यहां 31 मार्च 2026 को लागू की गई दरें ही प्रभावी रहेंगी। उन्होंने बताया कि टोल प्लाजा से 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले स्थानीय निजी वाहन स्वामियों के लिए 360 रुपये का मासिक पास जारी किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि झांसी-कानपुर हाईवे के सेमरी, एट और हरपालपुर टोल प्लाजा पर ही शुल्क संशोधित किया गया है। साथ ही अब टोल प्लाजा पर नकद भुगतान की सुविधा समाप्त कर दी गई है। वाहन चालक फास्टैग या यूपीआई के माध्यम से ही टोल शुल्क का भुगतान कर सकेंगे।