आयोध्यापुरी कॉलोनी की कच्ची सड़क की तस्वीर।
झांसी। जिले की सड़कों पर हुए गड्ढे जनता के लिए नासूर बनते जा रहे हैं। आए दिन लोग अपने क्षेत्र की सड़कों की बदहाली को बयां कर रहे हैं। वहीं, अफसरों को गड्ढे नजर नहीं आ रहे। गड्ढों को दूर कराने के लिए विभाग टेंडर और शासनादेश मिलने का राग अलाप रहे हैं। जबकि जनता रोज गड्ढों के चलते परेशानी से दो चार हो रही है।
जिले की सड़कों पर हुए गड्ढों को लेकर अमर उजाला सेल्फी विद गड्ढा अभियान चला रहा है। इसके जरिए लोग रोज अपने क्षेत्र की सड़कों की फोटो भेजकर अपनी परेशानी और सड़कों की बदहाली को साझा कर रहे हैं। लेकिन जिले के अफसरों को गड्ढे नजर ही नहीं आ रहे। आलम यह है कि सड़कों पर हुए गहरे गड्ढों से लोगों को हादसों का शिकार होना पड़ रहा है। किसी की बाइक फिसल जाती है, तो अंधेरे में गड्ढे का अंदाजा न होने पर चुटहिल हो जाता है। मगर अफसर गड्ढों की दुरुस्त कराने की जगह टेंडर और शासनादेश मिलने का राग अलाप रहे हैं।
सोमवार को अभियान के तहत रोहित अहिरवार और प्रियांशु ने रक्सा अंबावाय बाईपास पर हुए गड्ढे की तस्वीर भेजी। युवक ने कहा कि सड़क पर सीसी निर्माण का प्रस्ताव पास हो चुका हैं, लेकिन अब तक निर्माण शुरू ही नहीं हुआ। अयोध्यापुरी निवासी केपी बुंदेला ने कालोनी की एक गली में हुए गड्ढे की तस्वीर साझा की। उन्होंने कहा कि सड़क पर जलभराव हो गया है। आए दिन लोग चुटहिल होते हैं। इसे जल्द दुरुस्त कराया जाए। वहीं अनन्या सोनी और सिवनिया सोनी ने नकटा चोपड़ा में हुए गड्ढों की फोटो भेजी।
आप भी निभाएं फर्ज
सड़क पर गड्ढाें में गिरकर लोग दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। इस समस्या के समाधान के लिए अमर उजाला ने सेल्फी विद गड्ढा अभियान शुरू किया है। एक जागरूक नागरिक का कर्तव्य पूरा करते हुए आप गड्ढे के साथ सेल्फी खींचकर हमें भेजें, जिसे हम अमर उजाला में प्रकाशित करेंगे। इतना ही नहीं, समस्या के समाधान के लिए जिम्मेदार विभाग तक पहुंचाएंगे। सेल्फी के साथ नाम तथा उस जगह का नाम जरूर लिखें जहां सड़क पर गड्ढा है। सेल्फी मोबाइल नंबर 9415183605 पर भेजी जा सकती है।
अंबावाय बाईपास की सड़क गड्ढे की यह तस्वीर।