झांसी। सड़कों पर गड्ढे लोगों के लिए परेशानी का सबब बनते जा रहे हैं। लोग इन गड्ढों में गिरकर हादसों के शिकार हो रहे हैं, लेकिन समस्याएं दूर कराने वाले अब तक सो रहे हैं। हालात यह हैं कि सरकार की नीतियों और योजनाओं का बखान करने वाले जनप्रतिनिधियों की सुस्ती अभी तक नहीं टूटी है। ऐेसे में प्रदेश सरकार के गड्ढा मुक्ति अभियान की हवा निकल रही है। हालांकि जनप्रतिनिधियों का कहना है कि अधिकारियों को गड्ढे भरवाने के लिए कहा गया है, लेकिन जमीन पर कोई भी कवायद नजर नहीं आ रही है।
अमर उजाला के सेल्फी विद गड्ढा अभियान से लोग लगातार जुड़ रहे हैं। तमाम लोग रोज सड़कों पर हुए गड्ढ़ों की तस्वीर भेजकर हालात बयां कर रहे हैं। गड्ढों से जूझती जनता को राहत देने के लिए जनप्रतिनिधि भी उदासीन नजर आ रहे हैं। अब तक गड्ढों को भरने की कवायद शुरू नहीं हुई है। इससे साफ है कि जनप्रतिनिधियों को जनता की परेशानी से कोई सरोकार नहीं है। रविवार को अमर उजाला के अभियान के तहत मोहित साहू ने हसारी पुलिस चौकी के पीछे सड़क किनारे हुए गड्ढे की तस्वीर भेजी। उन्होंने कहा कि गड्ढे में गिरकर कई लोग चुटहिल हो चुके हैं। वहीं, नंदू यादव ने पुलिया नंबर नौ में नाली का पत्थर टूटने से सड़क की बदहाली को साझा किया।
कहते हैं जनप्रतिनिधि
सरकार गड्ढा मुक्ति को लेकर गंभीर है। बारिश हो चुकी है। अब गड्ढों को दुरुस्त करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। नगर निगम की सदन की बैठक में भी इसे लेकर अधिकारियों को कहा गया था। अगर अधिकारी कार्रवाई नहीं करेंगे, तो उनके खिलाफ शासन से पत्राचार किया जाएगा।
रवि शर्मा, विधायक सदर
---------
सड़कों पर गड्ढों को लेकर प्रक्रिया शुरू करने के लिए कहा गया है। बारिश के बाद गड्ढे हुए हैं, तो उन्हें भरा जाना चाहिए। मैं स्वयं पीडब्ल्यूडी, आरईएस, जिला पंचायत समेत निर्माण से जुड़े विभागों के अधिकारियों के संपर्क में हूं। जल्द ही गड्ढे भरे जाएंगे।
राजीव सिंह पारीछा, विधायक बबीना
-----------
गड्ढा मुक्ति अभियान के तहत अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। नगर निगम ने अमर उजाला के अभियान के बाद कुछ गड्ढे भरवाए भी हैं। गड्ढों को भरने की स्थिति की मैं खुद भी मॉनीटरिंग कर रहा हूं। सभी वार्डों में प्राथमिकता के साथ गड्ढा मुक्ति के लिए कार्य किए जाएंगे।
रामतीर्थ सिंघल, महापौर
-----------
शासन ने मांगी गड्ढों की जानकारी
जिले की सड़कों में हुए गड्ढों को लेकर शासन ने नगर निगम से जानकारी तलब की है। नगर विकास विभाग की निदेशक से नगर आयुक्त को पत्र भेजकर सड़क और गड्ढों की स्थिति की जानकारी मांगी है। साथ ही गड्ढों को प्राथमिकता के आधार पर भरवाने के निर्देश दिए हैं।