कोरोना काल में 70 फीसदी ने दी बीयू की प्रवेश परीक्षा
झांसी। कोरोना वायरस के दौर में हुई बुंदेलखंड विश्वविद्यालय की प्रवेश परीक्षा में 70 फीसदी छात्र-छात्राएं परीक्षा में बैठे। झांसी के अलावा सात केंद्रों पर प्रवेश परीक्षा हुई। सितंबर के पहले सप्ताह में परीक्षा का रिजल्ट घोषित किया जाएगा।
बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के 30 कैंपस कोर्सों में प्रवेश के लिए रविवार को पटना, इलाहाबाद, गाजियाबाद, छतरपुर, ग्वालियर, सागर, लखनऊ और झांसी में परीक्षा हुई। प्रवेश परीक्षा के लिए 8968 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, इनमें 6270 उपस्थित रहे। जबकि, 2698 ने परीक्षा से दूरी बना ली। बीएससी एग्रीकल्चर ऑनर्स में सबसे ज्यादा 1669 परीक्षार्थी बैठे। इसके अलावा बीएलएड में 976, बीएससी नर्सिंग में 736, एलएलबी में 660, एमएड में 331, एमएससी एग्रोनॉमी में 304, डीफार्म में 242 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी। एमएससी शीड टेक्नोलॉजी ही ऐसा विषय रहा, जिसमें सभी परीक्षार्थी उपस्थित रहे। कोरोना के चलते तीन पालियों में परीक्षा का आयोजन किया गया। परीक्षा कक्षों में सोशल डिस्टेंसिंग के चलते क्षमता से 50 फीसदी परीक्षार्थी ही बैठाए गए। परीक्षा के दौरान कुलपति प्रो. जेवी वैशम्पायन ने निरीक्षण कर जायजा लिया। परीक्षा के दौरान प्रो. प्रतीक अग्रवाल, विवेक अग्रवाल, इंजीनियर राहुल शुक्ला, डॉ. डीके भट्ट, डॉ. एपीएस गौर, इंजीनियर बृजेश लोधी व डॉ. सादिक खान मौजूद रहे।