पति पर लगाया दूसरी शादी का आरोप
झांसी। ललितपुर के कोतवाली स्थित पानी की टंकी के पास रहने वाले एक युवक पर दूसरी शादी करने का आरोप लगाया गया है। एक महिला ने शुक्रवार को थाने में शिकायत की कि गर्भवती होने के बाद तबियत खराब होने पर उसका पति अस्पताल में भर्ती कराने के बाद छोड़कर चला गया था। इसके बाद मायके वालों ने उसका इलाज करवाया। बच्चे के जन्म के बाद स्वस्थ होने पर वह ससुराल पहुंची तो पति के दूसरी शादी करने की बात पता चली।
थाना सदर बाजार अंतर्गत भट्टागांव निवासी एक महिला ने थाने पर शिकायत करते हुए बताया कि वर्ष 2015 में उसकी शादी ललितपुर के कोतवाली स्थित पानी की टंकी के पास रहने वाले युवक से हुई थी। एक साल तक समय अच्छा गुजरा। इसी दौरान गर्भवती होने पर उसकी तबियत खराब हुई तो पति अस्पताल में भर्ती कराकर चला गया। इसके बाद उससे मिलने नहीं आया। इसी दौरान उसने एक बच्चे को जन्म दिया। पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद जब वह ससुराल पहुंची तो पता चला कि पति ने दूसरी शादी कर ली है। विरोध करने पर ससुरालियों ने धमकी देकर भगा दिया। पुलिस से भी शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं हो सकी। शुक्रवार को महिला ने परिजनों के साथ थाने पहुंचकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने लड़के पक्ष को नोटिस जारी कर थाने बुलाया गया है। दोनों पक्षों को अगले सप्ताह बुलाकर बात करने के बाद आगे की कार्र्रवाई होगी।