संवाद न्यूज एजेंसी
टोड़ी फतेहपुर। रबी की बोआई का समय नजदीक आते ही खाद के लिए किसानों के बीच मारामारी की स्थिति बनी हुई है। खाद पाने के लिए मंगलवार को साधन सहकारी समिति दुगारा पर किसानों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हालात बिगड़ने पर समिति सचिव को पुलिस बुलानी पड़ी। पहुंची पुलिस ने कतारें लगवाकर खाद का वितरण शुरू कराया। देर शाम तक 200 टोकन जारी होने के सापेक्ष महज 75 किसानों को ही खाद मिल सकी, जबकि अन्य किसानों को इंतजार करना पड़ा।
समिति पर खाद वितरण के दौरान किसानों की भीड़ के चलते अफरा-तफरी का माहौल बन गया। किसानों के आक्रोशित होने पर कुछ समय के लिए वितरण प्रक्रिया रोकनी पड़ी। बाद में पुलिस के हस्तक्षेप और स्थिति सामान्य होने पर दोबारा वितरण शुरू कराया गया। खाद की सीमित उपलब्धता के चलते किसानों को घंटों इंतजार करना पड़ा।
समिति सचिव काशी प्रसाद ने बताया कि मंगलवार को ग्राम महेबा और टोड़ी फतेहपुर के किसानों को खाद वितरित करने के लिए 200 टोकन जारी किए गए थे। खाद लेने के लिए बड़ी संख्या में किसान पहुंच गए, जिससे समिति परिसर में भीड़ बढ़ गई और व्यवस्था संभालना मुश्किल हो गया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। उन्होंने बताया कि टोकन वाले शेष रह गए किसानों को अगले दिन खाद दी जाएगी।
वहीं, साधन सहकारी समिति पंडवाहा पर अभी तक खाद वितरण शुरू नहीं हुआ है। किसानों का कहना है कि यदि दोनों समितियों पर नियमित रूप से खाद उपलब्ध कराकर वितरण सुनिश्चित किया जाए, तो दुगारा समिति पर भीड़ का दबाव कम होगा।
भीड़ के दौरान एक किसान का मोबाइल गुम हो गया, जिसे उपनिरीक्षक दामोदर सिंह ने खोज निकाला।