दतिया। कोतवाली क्षेत्र के सीतासागर के सामने बृहस्पतिवार की रात तेज रफ्तार कार के चालक ने स्कूटी में पीछे से टक्कर मार दी। जिससे एक युवक की मौत हो गई और उसका दोस्त घायल हो गया। मृतक युवक संगीतकार था। जबकि उसका साथी श्रीपीतांबरा पीठ पर सेवक है। घायल युवक को जिला अस्पताल भेजा गया। लेकिन गंभीर हालत के चलते उसे ग्वालियर रेफर कर दिया गया। जिस कार चालक ने टक्कर मारी उसने बमबम महादेव के पास भी दो राहगीरों को कुचलने का प्रयास किया। घटना के बाद आरोपी चालक कार छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी चालक की तलाश शुरू की है।
पठ्ठापुरा निवासी शिवम (30) बृहस्पतिवार रात साढ़े 10 बजे मोहल्ले में रहने वाले आदित्य उर्फ मोनू (35) के साथ स्कूटी से श्रीपीतांबरा पीठ से सिविल लाइन की तरफ जा रहा था। जब वह लोग सीतासागर पर गौमुख मंदिर के सामने पहुंचे, तभी पीछे से आ रही कार चालक ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी। जिससे दोनों घायल हो गए। दोनों के सिर में गंभीर चोट आई। राहगीरों ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टर ने शिवम को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं, प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत के चलते आदित्य को ग्वालियर रेफर कर दिया। पुलिस ने नयन पुत्र राकेश गोस्वामी निवासी बिहारीजी मार्ग की रिपोर्ट पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
युवक ने नीम के पेड़ से रस्सी बांधकर फांसी लगाई, मौत
दतिया। कस्बा बसई में टावर वाली पहाड़ी पर लगे नीम के पेड़ से रस्सी बांधकर एक युवक ने फांसी लगा ली। जिससे उसकी मौत हो गई। घटना बृहस्पतिवार शाम पांच बजे की बताई गई। मृतक मानसिक तौर पर कमजोर था और शराब पीने का आदी था। बसई थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
बसई निवासी बिट्टू उर्फ अतुल ने पुलिस को बताया कि उसके बड़े भाई राहुल भट्ट (38) ने बृहस्पतिवार शाम टावर वाली पहाड़ी लगे नीम के पेड़ से रस्सी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। वह मानसिक रूप से कमजोर था और शराब पीने का आदी था। पुलिस ने मामले को जांच में लिया है।