झांसी। राजकीय व सहायता प्राप्त माध्यमिक स्कूलों में कार्यरत गणित-विज्ञान के पांच सौ शिक्षकों को श्री अरविंदो सोसायटी पांडिचेरी के शिक्षा विशेषज्ञ प्रशिक्षण देंगे। शिक्षकों की विभिन्न विषयों से जुड़ी जटिलताएं दूर की जाएंगी। इसके लिए राजकीय इंटर कॉलेज में दो नवंबर से पांच दिवसीय कार्यशाला होगी।
उल्लेखनीय है कि माध्यमिक एवं बेसिक स्कूलों में शैक्षिक गुणवत्ता बेहतर बनाने के लिए सरकारी एवं विभिन्न शैक्षिक संगठनों द्वारा समय-समय पर कदम उठाए जाते रहे हैं, जिससे आधुनिक दौर में प्रत्येक विद्यार्थी सरलता से शैक्षिक क्षेत्र में सफल हो सके।
इसी क्रम में अरविंदो सोसायटी पांडिचेरी के शिक्षा-विशेषज्ञ झांसी मंडल के ललितपुर, जालौन एवं झांसी के राजकीय व सहायता प्राप्त माध्यमिक स्कूलों में कार्यरत गणित-विज्ञान के लगभग पांच सौ शिक्षकों को कार्यशाला में आधुनिक विधि से पांच सत्रों में प्रशिक्षण देंगे। इसमें विश्व स्तर पर वैज्ञानिकों द्वारा किए गए शोध के बारे में जानकारियां दी जाएंगी। वहीं गणित-विज्ञान की जटिलताओं को हल करने के आसान तरीके बताए जाएंगे, जिससे वह स्कूली बच्चों को सरलता से अध्यापन करा सके।
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. नीरज कुमार पांडेय ने बताया कि उनके नेतृत्व में तीन सदस्यीय कमेटी बनाई गई है, जो कार्यशाला का निरंतर पर्यवेक्षण एवं मूल्यांकन करेगी। वहीं प्रतिभागी शिक्षकों के ठहरने की व्यवस्था राजकीय इंटर कालेज परिसर में की गई है।