स्कूलों ने शुरू की ऑनलाइन कक्षाएं, कम बच्चे हो रहे शामिल
झांसी। कोरोना संक्रमण बढ़ने के चलते बंद की गईं ऑनलाइन कक्षाएं शुरू हो गई हैं। जिले के अधिकांश स्कूलों ने शुक्रवार से ऑनलाइन कक्षाओं का संचालन किया। इस दौरान बच्चों को नए शिक्षा सत्र की पढ़ाई शुरू कराई गई। हालांकि पहले दिन कम ही बच्चे आनलाइन कक्षा में शामिल हुए। उधर, कई स्कूलों ने सोमवार से ऑनलाइन कक्षाएं शुरू करने का निर्णय लिया है।
दरअसल, कोरोना संक्रमण बढ़ने के चलते सरकार ने आनलाइन पढ़ाई पर रोक लगा दी थी। 20 मई तक स्कूलों को आनलाइन कक्षाओं को बंद किया गया था। इस दौरान जिले भर के स्कूलों में चल रहीं आनलाइन कक्षाओं को बंद कर दिया गया। शुक्रवार से स्कूलों ने आनलाइन कक्षाएं शुरू कर दीं। इस दौरान प्राइमरी और जूनियर के विद्यार्थियों को नए सत्र की जानकारी दी गई। साथ ही बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को रिवीजन कराया गया। पहले दिन कम ही बच्चों ने ऑनलाइन कक्षा में हिस्सा लिया। इसके साथ ही तमाम स्कूलों ने सोमवार से आनलाइन कक्षाएं शुरू करने की तैयारी की है। जिला विद्यालय निरीक्षक कोमल सिंह यादव का कहना है कि स्कूलों में आनलाइन कक्षाएं शुरू करा दी गई हैं। बच्चे कम जुड़ रहे हैं। कुछ स्कूल सोमवार से कक्षाएं शुरू कर देंगे।
बोर्ड परीक्षा को लेकर असमंजस
झांसी। यूपी बोर्ड परीक्षा को लेकर असमंजस बरकरार है। परीक्षाओं के आयोजन को लेकर अब तक कोई फैसला नहीं हो सका है। वहीं बोर्ड की वेबसाइट पर हाइस्कूल के विद्यार्थियों के प्री बोर्ड और अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं के अंक अपलोड कर दिए गए हैं। वहीं 12वीं को लेकर माध्यमिक शिक्षा परिषद से कोई निर्देश नहीं मिले हैं।