झांसी। धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण सावन प्रारंभ हो चुका है। माह के पहले सोमवार को लेकर नगर के शिवालयों में तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। इस दौरान मंदिरों व घरों में विशेष धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि सावन में भगवान आशुतोष की पूजा एवं आराधना का विशेष महत्व है, जो भक्त प्रतिदिन पूजा नहीं कर पाता, वह सोमवार को शिव पूजा कर अपनी मनोकामना को पूर्ण कर सकता है। क्योंकि सोमवार भगवान शंकर का प्रिय दिन माना जाता है। शिव आराधना में ब्रह्म मुहूर्त में रुद्राभिषेक करने से विशेष पुण्य लाभ की प्राप्ति होती है।
धर्माचार्य महंत विष्णु दत्त स्वामी के मुताबिक सावन माह इस बार 29 दिन का है, क्योंकि त्रयोदशी व चतुर्दशी की तिथि एक होगी। वहीं नौ अगस्त को शुक्र अस्त होगा, जो 24 अगस्त को उदय होगा। इस दौरान कोई भी शुभ कार्य वर्जित है। उन्होंने बताया कि सोमवार को रुद्राक्ष की माला से ओम नम: शिवाय मंत्र का जाप करें या शिव लिंग को 108 वाली रुद्राक्ष की माला विधिवत अर्पित करें। इससे धन, ऐश्वर्य की प्राप्ति होती है।
सावन को लेकर नगर के समस्त शिवालयों, पानी वाली धर्मशाला स्थित हजारिया महादेव, बाहर बड़ागांव गेट बाहर राजा बाबा मंदिर, सिद्धेश्वर मंदिर, भूतनाथ आदि में तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। मंदिरों में आकर्षक सजावट की गई है।