झांसी। विधानसभा की आरक्षित सीटों पर चुनावी माहौल तैयार करने केलिए बहुजन समाज पार्टी के महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा 15 दिसंबर को मऊरानीपुर आएंगे। वह यहां से खास तौर पर ब्राह्मणों को साधकर दलित - ब्राह्मण फार्मूला लागू करने की मशक्कत करेंगे।
बहुजन समाज पार्टी ने आरक्षित सीटों पर बसपा का अभियान शुरू करने की रणनीति बनाई है। बसपा सुप्रीमो मायावती कह चुकी हैं कि आरक्षित सीटों पर दलित - ब्राह्मण समुदाय को एकजुट किया जाए। पार्टी का मानना है कि यदि यह फार्मूला काम कर गया तो चुनावी राह आसान हो जाएगी। इसके अलावा इन सीटों पर ओबीसी एवं मुस्लिमों को जोड़ने की मशक्कत भी की जा रही है। इसी क्रम में वह मंडल स्तर पर आरक्षित सीटों पर सम्मेलन कर रहे हैं।
झांसी की मऊरानीपुर सीट आरक्षित है। इसके अलावा जालौन जिले की उरई सीट और ललितपुर की महरौनी सीट आरक्षित है। मऊरानीपुर में 15 दिसंबर को होने वाले सम्मलेन में महरौनी और उरई के भी कार्यकर्ताओं को बुलाया गया है।
इस संबंध में हुई बैठक में झांसी और चित्रकूट मंडल के मुख्य सेक्टर प्रभारी लालाराम अहिरवार, बृजेश जाटव, नरेश बाबू राठौर, मुख्य सेक्टर प्रभारी रविकांत मौर्य, मंडल संयोजक अवनीश दीक्षित, अनीस राइन समेत अन्य पदाधिकारियों ने निर्णय लिया कि सम्मेलन में अधिक से अधिक लोगों की भीड़ जुटाई जाएगी। मऊरानीपुर से पार्टी के प्रत्याशी रोहित रतन को जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके अलावा निर्णय लिया गया कि सम्मेलन में उरई और महरौनी के कार्यकर्ताओं को भी लाया जाएगा। बैठक में रवींद्र लवली, कैलाश कुशवाहा, मनीष आनंद, जिलाध्यक्ष राजू राजगढ़ आदि मौजूद रहे।