झांसी। आम आदमी पार्टी की प्रदेश सचिव अर्चना गुप्ता ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार आंकड़ों की बाजीगरी कर रही है। योगी सरकार चुनाव ड्यूटी के दौरान कोरोना संक्रमण की जद में आकर दम तोड़ने वाले सैकड़ों शिक्षा कर्मियों के परिवारीजनों की भावनाओं से खेल रही है। सरकार को प्राथमिक शिक्षक संघ की सूची स्वीकार करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि 1621 के सापेक्ष पहले सिर्फ तीन इसके बाद 12 सौ लोगों की मौत का आंकड़ा जारी किया गया। मृत शिक्षकों के परिजनों को एक- एक करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाए। साथ ही पीड़ित परिवार के एक व्यक्ति को सरकारी नौकरी दी जाए। सैकड़ों मौतें पंचायत चुनाव की जिद के कारण हुईं। आरोप लगाया कि चुनाव ड्यूटी के दौरान कोरोना प्रोटोकाल का सही तरीके से पालन नहीं किया गया। इससे कई शिक्षा मित्र, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की मौत हो गई। आम आदमी पार्टी शिक्षा मित्रों और कर्मचारियों से साथ है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के संक्रमित परिजनों के इलाज का पूरा खर्च सरकार उठाए। योगी सरकार आंकड़ों का खेल बंद करे। इस मौके पर जिला संगठन अध्यक्ष मोहम्मद अरशद खान, अनुरुद्ध प्रताप सिंह, अनुराग मिश्र, अखिल रायकवार, आनंद मिश्रा आदि मौजूद रहे।