झांसी। कोतवाली क्षेत्र में बुधवार की सुबह एक सराफा कारोबारी के पुत्र की अपहरण की खबर से हड़कंप मच गया। ढाई घंटे बाद पता चला कि उसे ओरछा पुलिस पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई थी। जानकारी होने पर सभी ने राहत की सांस ली।
बुधवार की सुबह करीब 9.30 बजे पुलिस कंट्रोल व कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि शहर क्षेत्र के एक चर्चित सराफा कारोबारी के पुत्र का कुछ लोग अपहरण कर ले गए हैं। इस खबर से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। परिजन व शुभचिंतक थाने में एकत्रित हो गए। हर थाना क्षेत्र व हाइवे पर चेकिंग शुरू कर दी गई। टोल प्लाजा पर गाड़ियों की जांच होने लगी। करीब ढाई घंटे बाद पुलिस को पता चला कि युवक को ओरछा पुलिस अपने साथ ले गई थी। पुलिस को प्राण घातक हमले के एक मामले में उससे पूछताछ करनी थी। पूछताछ के बाद युवक को छोड़ दिया गया।
मजदूर ने फांसी लगाई
झांसी। प्रेमनगर क्षेत्र के राजगढ़ पेट्रोल पंप के सामने किराए के मकान में रहने वाले एक मजदूर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
टीकमगढ़ के मरगुवां निवासी मुकेश राय राजगढ़ पेट्रोल पंप के सामने किराए के मकान में पत्नी व दो बच्चों के साथ रहते थे। वह मजदूरी करते थे। मंगलवार की शाम उन्होंने घर में फंदा बनाकर फांसी लगा ली। परिजनों ने उनको फंदे पर लटका देखा तो कोहराम मच गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया।
मकान बनाने के रुपये मांगने पर मिली जान से मारने की धमकी
झांसी। प्रेमनगर थाने में दी तहरीर में दतिया गेट निवासी राजमिस्त्री घनश्याम ने बताया कि उन्होंने प्रेमनगर थाना क्षेत्र के हंसारी नाले के पास रहने वाले अनंत राम से मकान के निर्माण में छत, बीम व सीढ़ियां बनाने का 120 रुपये फुट के हिसाब से ठेका लिया था। जब काम पूरा होने पर रुपये मांगे तो उसके साथ गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी गई। शटरिंग व पाड़ लगाने का सामान भी रख लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।