झांसी। लॉकडाउन का फायदा खनिज के अवैध कारोबारियों ने जमकर उठाया। सन्नाटे के उस दौर में उन्होंने बेतवा नदी में पुल तक बना डाला। नदी से भारी मात्रा में बालू का खनन कर उसे डंप कर लिया गया, ताकि निर्माण शुरू होते ही मिट्टी से सोना पैदा किया जा सके। लेकिन, वे अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो पाए। पिछले एक सप्ताह के दौरान प्रशासन की ताबड़तोड़ कार्रवाई में पचास लाख रुपये की बालू जब्त की जा चुकी है। कार्रवाई लगातार जारी है।
खनन माफियाओं के लिए लॉकडाउन वरदान साबित हुआ। बबीना इलाके में उन्होंने बेतवा नदी की तलहटी तक को खोद दिया। डंपर व ट्रकों को नदी की सतह के पास तक ले जाने के लिए उन्होंने मिट्टी का भराव कर पुल तक तैयार कर लिया। नदी से निकाली गई बालू उन्होंने बबीना के बघोरा, शेखर आदि गांवों में खेतों व जंगलों में डंप कर ली। इसकी सूचना प्रशासन को मिली तो ताबड़तोड़ कार्रवाई शुरू कर दी गई। जिलाधिकारी आंद्रा वामसी के निर्देश पर एसडीएम सदर संजीव कुमार मौर्य ने पुलिस टीम के साथ पिछले सप्ताह के दरम्यान दो बार रात में छापामार कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान तकरीबन पचास लाख रुपये की बालू बरामद की जा चुकी है, जिसे खनिज विभाग की सुपुर्दगी में दे दिया गया है। इस मामले में चार लोगों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज किया जा चुका है। एसडीएम सदर ने बताया कि कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। अवैध खनन नहीं होने दिया जाएगा।