medical collage me samvida docter ka av tk nhi aaya betan
संविदा डॉक्टरों का फिर नहीं आया वेतन
झांसी। महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में अभी भी संविदा डॉक्टरों को नियमित वेतन नहीं मिल पा रहा है। सितंबर का वेतन देरी से आया था, जबकि अक्तूबर माह का भी वेतन अब तक नहीं आया। ऐसे में संविदा डॉक्टरों की दीपावली फीकी होना तय है। उधर, मेडिकल कॉलेज प्रशासन का कहना है कि मामला कोषागार स्तर पर लटका है।
मेडिकल कॉलेज में संविदा डॉक्टरों का दो-तीन महीने में वेतन मिल पाता है। अभी जुलाई, अगस्त व सितंबर महीने का वेतन संविदा चिकित्सकों को समय पर न मिल पाने का मामला अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसके बाद कॉलेज प्रशासन ने लिपिकों को सख्त आदेश किए तब जाकर उनका वेतन बहाल हुआ।
अब फिर अक्तूबर माह का वेतन संविदा डॉक्टरों को नहीं मिला है। वहीं, शासन ने सभी विभागों के नियमित और संविदा पर कार्यरत अधिकारियों, कर्मचारियों को 25 अक्तूबर तक वेतन निर्गत करने के निर्देश दिए हैं। ऐसे में शुक्रवार तक नियमित व संविदा चिकित्सकों का वेतन भी आ जाना चाहिए था, जो कि नहीं आ सका। ऐसे में दीपावली पर्व से पहले वेतन न आने से संविदा डॉक्टरों में काफी रोष है।
इस मामले में प्राचार्य डॉ. साधना कौशिक का कहना है कि संविदा डॉक्टरों को नियमित वेतन दिया जा रहा है। सितंबर का वेतन मिल चुका है। अक्तूबर का वेतन बनाकर कोषागार भेज दिया गया है। कॉलेज स्तर से कुछ भी लंबित नहीं है।