अब इमरजेंसी सेवा के लिए डायल करना होगा 112 नंबर
झांसी। अब आपात स्थिति में मदद के लिए लोगों को 100 नंबर की जगह 112 नंबर डायल करना होगा। इस नंबर को डायल कर पुलिस, फायर, एंबुलेंस व जीवनरक्षक एजेंसियों की सेवा प्राप्त की जा सकेगी। शनिवार से जिले में इस नंबर की शुरूआत होगी। डीजीपी ने इस नंबर प्रचार-प्रसार करने के भी निर्देश पुलिस अधिकारियों को दिए हैं।
आपात काल में फायर सर्विस, एंबुलेंस, पुलिस सहायता, पुलिस हेल्प व जीवनरक्षक एजेंसियों की मदद के लिए अब तक लोगों को अलग-अलग नंबर डायल करने पड़ते थे। इसमें लोगों को परेशानी भी होती थी। लोगों की समस्याओं को देखते हुए शासन ने अब आपातकालीन सुविधाओं के लिए 112 नंबर जारी किया है। इस नंबर को डायल करने पर एंबुलेंस, फायर सर्विस, पुलिस सहायता आदि की सुविधा मिलेगी। यह सुविधा जिले में 26 अक्तूबर से शुरू होगी। इस सेवा के शुरू हो जाने से लोगों को अलग-अलग समस्या के समय कई नंबरों को याद नहीं करना पड़ेगा। नंबर लगाते ही जो भी सुविधा ही जरूरत होगी, उसके बताने पर तुरंत ही मदद मिलेगी। डीजीपी ने पुलिस अधिकारियों को जिले में इस नंबर का प्रचार-प्रसार के निर्र्देश दिए हैं। एसएसपी डॉ. ओपी सिंह ने बताया कि सभी थानाध्यक्ष को अपने-अपनेे क्षेत्र में बैनर व पोस्टर चस्पा कराने के निर्देश दिए हैं।