झांसी। रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय में शुक्रवार को हुए दीक्षांत समारोह में 15 मेधावियों को स्वर्ण पदक दिए गए। खास बात ये है कि ये पदक हासिल करने वालों में 10 बेटियां हैं। यानी कि दो तिहाई स्वर्ण पदक बेटियों के नाम रहे हैं। बेटियों की इस सफलता की केंद्रीय कृषि मंत्री ने भी प्रशंसा की।
स्नातक में स्वर्ण पदक हासिल करने वालों में कृषि महाविद्यालय की ऐश्वर्या, हर्षिता साहू, आकाश कुमार मौर्य, उद्यानिकी एवं वानिकी महाविद्यालय के उद्यानिकी विषय में स्नातक विद्यार्थी वसुधा प्रधान, आयुष जैन, मोनिका कयात व वानिकी विषय में आकांक्षा कुमारी, मनमोहन भारद्वाज शामिल हैं। इसी तरह परास्नातक में कृषि महाविद्यालय के विद्यार्थी प्रियंका कांटवा, अंसूरी पूजा, आनुवंशिकी एवं पादप प्रजनन विषय में मिताली तिवारी, उद्यानिकी एवं वानिकी काॅलेज के सब्जी विज्ञान विषय में विद्यार्थी स्नेहा राठौर, वन संवर्धन और कृषि वानिकी में ऋतिका मौर्या, पुष्पकृषि और भू-निर्माण में ए तुसार अयअप्पा, वन संसाधन प्रबंधन में मुक्तिकांत मिश्रा शामिल हैं।
वहीं, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज चौहान ने पदक वितरित करने के बाद कहा कि स्वर्ण पदक हासिल करने के मामले में बेटियों की संख्या काफी है। ये उनकी मेहनत की बदौलत हो पाया है। ब्यूरो