शिवपुरी से आए जय हिंद मिशन के सदस्यों ने लक्ष्मीबाई की प्रतिमा पर 21 तोपों की सलामी देकर पुष्प वर्षा की। विजय मौर्या के नेतृत्व में जत्थे के सदस्यों ने दो दिन पहले पदयात्रा शुरू की थी। जिनका सीपरी में पहुचने पर जोरदार स्वागत किया गया। पदयात्री सुभाष मार्केट, आर्य कन्या चौराहा से बीकेडी चौराहा, जीवन शाह तिराहा होते हुए रानी लक्ष्मीबाई पार्क में पहुंचे। यहां उन्होंने पदयात्रा की मशाल महापौर किरन वर्मा को सौंपी। इसके बाद मिशन के सदस्यों ने रानी लक्ष्मीबाई के जीवन पर आधारित नाट्य व गीत संगीत प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के अंत में मिशन के सदस्यों को सम्मान पत्र महापौर ने प्रदान किए। इस मौके पर सभासद आनंद साहू, रविकांत मौर्य आदि मौजूद रहे।
देश भक्ति की तरानों पर निकली शोभायात्रा
महारानी लक्ष्मीबाई बलिदान दिवस समारोह महासमिति की ओर से शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में घोड़ों पर महारानी लक्ष्मीबाई, सुंदर, मुंदर, तात्या टोपे, गुलाम गौस खां, बहादुर शाह जफर, खुदाबक्श, नाना जी पेशवा के स्वरूप बैठे थे। देश भक्ति क ी धुनों के बीच शोभायात्रा रानी महल से सिंधी तिराहा, कोतवाली की ढाल, गंधीगर का टपरा, सर्राफा बाजार, मानिक चौक, मालिनों का चौराहा, गांधी रोड, सुभाष गंज से होती हुई रानी महल पर समाप्त हुई। इस अवसर पर एमएलसी रमा निरंजन, नगर आयुक्त प्रताप सिंह भदौरिया, सीएमओ डा. विनोद यादव, जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष उदय राजपूत, महंत विष्णु दत्त स्वामी, रवीश त्रिपाठी, प्रेम रायकवार आदि मौजूद रहे। खुशीपुरा में आर्य समाज जन जागरण समिति की ओर से वैदिक यज्ञ हुआ। इस अवसर पर डोरी लाल, लक्ष्मण प्रसाद, अशोक बाबू, सुभाष वर्मा मौजूद रहे।