झांसी। सैनिक स्कूल का निर्माण जून माह में शुरू होगा। राजकीय निर्माण निगम ने टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है, भवन चार साल में बनकर तैयार हो जाएगा।
प्रदेश में मैनपुरी, अमेठी व झांसी को मिलाकर कुल तीन सैनिक स्कूल बनाए जा रहे हैं। झांसी का सैनिक स्कूल कानपुर रोड पर नगर से सटे दिगारा में 50 एकड़ जमीन पर बनाया जाएगा। इसका निर्माण एक अरब सत्ताइस करोड़ रुपये की लागत से होगा। निर्माण एजेंसी राजकीय निर्माण निगम को 17 करोड़ रुपये की धनराशि प्राप्त हो चुकी है।
निर्माण दो फेज में किया जाएगा। पहले फेज का निर्माण 18 माह में शुरू होगा, इसके लिए टेंडर मांगे गए हैं। पहले फेज में स्कूल का दो मंजिला प्रशासनिक व विद्यालय भवन, पांच हॉस्टल, ऑडिटोरियम, डाइनिंग हॉल, बॉस्केटबॉल व वॉलीबॉल कोर्ट, रनिंग ट्रैक तथा 38 स्टाफ क्वार्टर बनाए जाएंगे। पहले फेज का काम पूरा होने के बाद दूसरे फेज में असेंबली हॉल, बेचलर्स स्टाफ क्वार्टर, बहुउद्देश्यीय हॉल, जिम, स्वीमिंग पूल, हॉर्स राइडिंग ट्रैक, हॉकी, फुटबाल व क्रिकेट ग्राउंड तथा ओपन एअर थियेटर का निर्माण होगा। मालूम हो कि 19 मई 2015 को मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सैनिक स्कूल का शिलान्यास किया था।
‘अप्रैल में टेंडर प्रक्रिया पूर्ण हो जाएगी। मई में अन्य औपचारिकताएं पूरी कर जून में स्कूल का निर्माण शुरू कर दिया जाएगा। निर्माण चार साल में पूरा होगा।’
- आर पी सिंह, परियोजना प्रबंधक - राजकीय निर्माण निगम
560 बच्चों को मिलेगी हॉस्टल सुविधा
झांसी। सैनिक स्कूल में पांच अलग - अलग हॉस्टल बनाए जाएंगे। प्रत्येक में 112 बच्चों के रहने की व्यवस्था होगी। विद्यालय में छह से बारहवीं तक की कक्षाएं संचालित की जाएंगी। प्रत्येक के दो सेक्शन रहेंगे। विद्यालय में बच्चों को आल इंडिया इंट्रेस एग्जाम के माध्यम से प्रवेश मिलेगा।