झांसी। पत्नी के मायके जाने से क्षुब्ध होकर एक व्यक्ति ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। नवाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम मैरी निवासी परशुराम अहिरवार (40 वर्ष) खेती करता था। उसके पास छह बीघा खेती की जमीन है। उसकी पत्नी बेटी की शादी के लिए जमीन बेचने की जिद कर रही थी।
इस बात को लेकर पति- पत्नी के बीच झगड़ा हो रहा था। चार दिन पूर्व पत्नी बच्चों को लेकर मायके चली गई, इस बात से क्षुब्ध होकर बुधवार की रात परशुराम ने कमरे में लगे पंखे पर तौलिया का फंदा बनाकर फांसी लगा ली।
बृहस्पतिवार की सुबह कमरे की खुली खिड़की से आसपास के लोगों ने उसे फांसी पर लटका देखा। घटना की खबर फैलने पर मौके पर गांव वासियों की भीड़ जुट गई। इधर, सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारा।
घटनास्थल का निरीक्षण करने के उपरांत पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की एक 18 वर्ष की बेटी व एक बेटा है।