sahkari banko ki basuli ka hone pr mantri ne dikaye tevar
- फोटो : REPORTERS
सहकारी बैंकों की वसूली कम होने पर मंत्री ने दिखाए तेवर
झांसी। प्रदेश के सहकारिता मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा ने रविवार को सर्किट हाउस सभागार में मंडलीय सहकारिता विभाग की बिंदुवार समीक्षा की। इस दौरान मंडल में वसूली कम होने पर उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने अफसरों को सख्त हिदायत देते हुए 31 मार्च तक वसूली बढ़ाने के निर्देश दिए।
मंत्री ने निर्देश दिए कि समितियों में जो भी कर्मचारी कार्यरत हैं, उनकी नियुक्ति में आरक्षण का पालन नहीं किया गया है। आरक्षण का पालन करते हुए नियुक्ति की जाए। एक मुश्त समाधान योजना का क्षेत्र में व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। समितियों में अभियान चलाते हुए नए सदस्यों को जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि इस समय मंडल में अल्पकालीन ऋण 25002.83 लाख तथा दीर्घकालीन ऋण 46.80 लाख है। दीर्घकालीन ऋ ण में वृद्धि की जाए। वसूली की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि अल्पकालीन वसूली में ललितपुर में अब तक 6983.91 लाख के सापेक्ष 1573.20 लाख की ही वसूली की गई है। उन्होंने मंडल के तीनों जिलों को 31 मार्च तक वसूली बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को जिला सहकारी बैंक में डिपॉजिट बढ़ाए जाने के प्रयासों को तेज करने के निर्देश दिए। जिले में शिक्षा विभाग, पंचायती राज विभाग, लोक निर्माण विभाग सहित अन्य विभाग से भी बैंक में जमा हेतु प्रयास किए जाएं। उन्होंने कहा कि इस समय जिला सहकारी बैंक जालौन में 1032.48 लाख, झांसी में 1421.08 लाख तथा ललितपुर में 1652.14 लाख ही जमा है, जो कम है इसमें बढ़ोतरी की जाए। मंडल में 165 समितियों में से 125 लाभ लाभ पर हैं तथा 40 समितियां हानि पर हैं। बैठक में संयुक्त आयुक्त एवं निबंधक सहकारिता उदय भान सिंह, सचिव नंदकिशोर समेत तमाम अधिकारी मौजूद रहे।