झांसी। सुरक्षा उपकरणों के बगैर नाला गैंग नालों में उतरकर सफाई करने को विवश है। अब तक उन्हें सुरक्षा उपकरण प्रदान नहीं किए गए हैं। जबकि, डीएम/नगर आयुक्त शिवसहाय अवस्थी ने सख्त हिदायत नगर निगम के अधिकारियों के साथ हुई बैठक में सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे।
शहर के 207 छोटे नालों को साफ करने का काम नाला गैंग कर रही है। इसकी लगातार निगरानी नगर निगम के अधिकारियों की ओर से की जा रही है पर सुरक्षा मानकों के आधार पर काम नहीं हो रहा है। हाल ही में एक दर्जन से अधिक नालों का कार्य प्रगति पर है और 50 से अधिक नालों की सफाई की जा चुकी है। इसकी निगरानी नगर निगम के अधिकारी कर रहे हैं। बावजूद, वो नाला गैंग की सुरक्षा को लेकर सचेत नहीं हैं।
आलम ये है कि बरसात के पूर्व छोटे नालों की सफाई का काम तेजी से हो रहा है लेकिन आदेशों को ताक पर रखकर। ‘अमर उजाला’ ने नालों की सफाई का जायजा लिया तो फिल्टर रोड पर चल रहा काम गुणवत्ता के साथ पूरा किया जा रहा था लेकिन काम कर रही नाला गैंग के पैरों में न तो बूट थे और न ही हाथों में दस्ताने व मुंह पर मास्क। जबकि, डीएम ने नगर निगम के अधिकारियों को सुरक्षा उपकरण से लैस कराकर ही नाला गैंग से काम कराने के निर्देश दिए थे। क्योंकि, नाले में काम करते वक्त पैरों में कांच या अन्य नुकीली चीज लगने से सफाई कर्मियों के घायल होने की संभावना रहती है। दूसरी ओर गंदगी साफ करते समय संक्रमण न हो, इसके लिए मास्क और दस्ताने दिए जाते हैं। मौके पर मौजूद हवलदार सुरेंद्र से सुरक्षा उपकरण न होने का कारण पूछा गया तो बताया गया कि रविवार होने के कारण उपकरण नहीं मिले। सोमवार से सभी को बूट, दस्ताने और मास्क दिए जाएंगे।
नाला गैंग को दस्ताने और बूट के साथ ही नालों में उतरना चाहिए। अगर आदेशों का पालन नहीं हो रहा है तो इसकी जांच की जाएगी। - शादाब असलम, अपर नगर आयुक्त।