झांसी। महानगर में शनिवार को सफाई कर्मचारी हड़ताल पर रहे। इससे सफाई कार्य नहीं हुआ और जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे रहे। इससे लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ा। नगर निगम ने एस्मा का हवाला देते हुए हड़ताल पर रहे सफाई कर्मचारियों का वेतन काटते हुए काम पर लौटने के लिए कहा है।
उत्तर प्रदेशीय सफाई मजदूर संघ के नेतृत्व में शनिवार से महानगर में सफाई कर्मचारी कामबंद हड़ताल पर रहे। इस दौरान कई क्षेत्रों में सफाई कार्य नहीं हुआ। हड़ताल के चलते महानगर के मोहल्ला तालपुरा, खुशीपुरा, गल्लामंडी, नंदनपुरा, आवास विकास, सीपरी बाजार, आंबेडकर चौराहा, मेडिकल कॉलेज, वीरांगना नगर, उन्नाव गेट समेत तमाम इलाकों में कूड़े के ढेर लगे रहे। सड़कों और नालियों में सफाई नहीं होने से जलभराव के हालात बने रहे। इसके अलावा वाहन चालकों ने भी हड़ताल का समर्थन किया। नगर निगम की कर्मशाला से गाड़ियां कूड़ा उठान करने के लिए नहीं निकलीं।
उधर, सफाई मजदूर संघ ने बैठक कर आंदोलन की रणनीति बनाई। जिलाध्यक्ष अशोक प्याल ने कहा कि नगर निगम कार्यवृत जारी कर समस्या समाधान का हवाला दे रहा है, लेकिन आज तक एक भी समस्या सुलझी नहीं है। हड़ताल लगातार जारी रहेगी। बैठक के दौरान तमाम सफाई कर्मचारी मौजूद रहे।
नगर निगम प्रशासन बोला, काम पर लौटो, नहीं तो सेवा समाप्त कर देंगे
सफाई कर्मचारियों की हड़ताल को लेकर नगर निगम के अपर नगर आयुक्त ने चेतावनी जारी की है। उन्होंने पत्र जारी करते हुए कहा कि हड़ताल करना एस्मा का उल्लंघन है। सफाई कर्मचारी और वाहन चालक तत्काल अपने काम पर वापस लौट आएं। अन्यथा की स्थिति में आऊटसोर्स पर तैनात कर्मचारियों को हटाने के लिए एजेंसी को पत्र लिखा जाएगा और संविदा सफाई कर्मचारियों का अनुबंध समाप्त किया जाएगा। इसके साथ ही शनिवार को हड़ताल पर रहे सफाई कर्मचारियों और वाहन चालकों का वेतन काटा गया है। नगर निगम के अधिकारी पूरे दिन महानगर में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करते रहे।
सफाई कर्मचारी संघ ने किया काम
हड़ताल के दौरान नगर निगम प्रशासन ने सफाई कर्मचारियों के दूसरे संगठन सफाई कर्मचारी संघ का सहयोग लिया। संघ के कर्मचारियों ने नगरा, सिविल लाइंस, हंसारी और गुदरी में सफाई कार्य कराया गया। नगर निगम अधिकारियों ने संघ के कर्मचारियों की प्रशंसा की।