झांसी। नगर निगम में सफाई कर्मचारियों के क्षेत्र में सफाई करने न जाने के आए दिन मामले सामने आते हैं। एक महिला सफाई कर्मचारी ने सफाई हवलदार पर पति से अपने घर पर काम कराने का आरोप लगाया है। महिला ने नगर आयुक्त से शिकायत कर जांच कराने की मांग की है।
महिला सफाई कर्मचारी अनीता पत्नी राजू ने नगर आयुक्त से शिकायत की है कि उसके पति राजू वार्ड 43 में तीन साल से काम कर रहे हैं। आरोप है कि क्षेत्र के सफाई हवलदार बीट पर सफाई कार्य न कराकर घर पर मां की सेवा कराते थे। साथ ही चार हजार रुपये ही महीने लिए जाते थे। मामले में सफाई निरीक्षक से भी शिकायत की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। महिला का कहना है कि पिछले महीने से उसके पति क्षेत्र में सफाई करने जाने लगे, तो गैरहाजिरी लगा दी गई। इसके चलते
सफाईकर्मी को वेतन नहीं मिला। जब सफाई कर्मी ने नगर आयुक्त और सफाई कर्मचारी संघ से शिकायत करने के लिए कहा तो दोनों को धमकाया। महिला का आरोप है कि सफाई हवलदार 12 साल से क्षेत्र में कार्यरत है। साथ ही क्षेेत्र के कई सफाईकर्मी बीट पर जाए बिना वेतन ले रहे हैं। महिला ने नगर आयुक्त से मामले की जांच की मांग की है।