झांसी। जिले के थाना रक्सा क्षेत्र के पुनावली मार्ग पर बने एक मकान में लंबे समय से चल रहे अवैध शराब के अड्डे पर पुलिस ने छापा मारकर घर से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से छह लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। इस मामले में मध्य प्रदेश के एक सत्ताधारी दल के नेता भी सामने आ रहा है। पुलिस पकड़े गए लोगों से पूछताछ में जुटी हुई है।
थाना रक्सा क्षेत्र के पुनावली गांव जाने वाले मार्ग पर बने एक मकान में लंबे समय से अवैध शराब का कारोबार चल रहा था। बताया गया है इसमें स्थानीय थाना पुलिस की भी मिलीभगत थी। इसी बीच दो दिन पहले किसी ने एसएसपी को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद एसएसपी दिनेश कुमार पी के दखल के बाद आखिरकार रक्सा पुलिस ने मजबूरन मंगलवार-बुधवार के दरम्यान छापा मारा। पुलिस को देखकर भगदड़ मच गई। मौके से छह लोग पकड़े गए। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में अवैध शराब भी बरामद की है। पकड़े गए लोगों से पूछताछ की जा रही है। लेकिन अब तक कोई नतीजा नहीं निकल सका। वहीं, पकड़े गए कुछ लोगों को छुड़ाने के लिए बृहस्पतिवार को थाने पर मशक्कत चलती रही। सीओ सदर हिमांशु गौरव ने बताया कि पुलिस की पड़ताल चल रही है।