सड़क दुर्घटना में घायल युवा अधिवक्ता की इलाज के दौरान मौत हो गई। एक जनवरी को दतिया मां पीतांबरा के दर्शन करने जाते वक्त हादसा हुआ था। इलाज के दौरान अधिवक्ता जिंदगी की जंग हार गया। इससे अधिवक्ता शोक मग्न हैं।
चिरगांव के बघेरा निवासी अधिवक्ता हीरेंद्र व्यास उर्फ रानू (34) एक जनवरी को स्कूटर से दतिया मां पीतांबरा के दर्शन करने जा रहे थे। इसी दरम्यान दतिया में उन्हें एक चौपहिया वाहन ने टक्कर मार दी थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। प्राथमिक उपचार उन्हें दतिया के एक अस्पताल में दिया गया था। इसके बाद उन्हें झांसी के एक निजी अस्पताल में दाखिल किया गया था। हालत बिगड़ने पर पर उन्हें ग्वालियर रेफर कर दिया गया था। जहां, उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
अधिवक्ता की एक वर्ष पहले ही शादी हुई थी। युवा अधिवक्ता की मौत की खबर से वकीलों में शोक की लहर दौड़ गई। शोक सभा कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।