झांसी। कोतवाली अंतर्गत रानी महल के पास सामान लेने पहुंचे किराना कारोबारी बिलाल खान का चोर सामान से भरा बैग लेकर भाग निकले। बैग में करीब 14 हजार रुपये का सामान था। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने छानबीन की, लेकिन बैग का पता नहीं चल सका।
खैलार निवासी बिलाल खान किराना कारोबारी हैं। सोमवार दोपहर वह सामान लेने कोतवाली स्थित रानी महल आए थे। एक थोक की दुकान से करीब 14 हजार रुपये का सामान खरीदकर बैग में रख लिया। इसी बीच वह दुकान के अंदर जाकर पेमेंट करने लगे। इसी बीच मौका पाकर सक्रिय चोर उनका बैग लेकर भाग निकले। वापस लौटने पर बैग नदारद देखकर घबरा गए। आसपास काफी तलाश के बाद भी बैग का पता न चलने पर पुलिस को सूचना दी। खबर मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की, लेकिन पता नहीं चल सका। पुलिस ने दुकानों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले हैं। देर रात चोरों की तलाश में जुटी हुई थी।