झांसी। रेलवे स्टेशन के सामने निर्माणाधीन मल्टीप्लेक्स कांपलेक्स के ग्राउंड फ्लोर की दो दुकानों पर खानपान की सामग्री बिना अनुमति के बेचने पर आरपीएफ ने मंगलवार की देर शाम मैनेजर समेत 23 लोगों को पकड़ लिया। आरपीएफ ने सभी का रेलवे एक्ट में चालान कर दिया है।
रेलवे स्टेशन के सामने 2014 से मल्टीप्लेक्स कांपलेक्स का निर्माण चल रहा है, जो अभी तक पूरा नहीं हो सका है। रेलवे भूमि विकास प्राधिकरण लिमिटेड ने झांसी की एक फर्म को उक्त जमीन 45 साल के लिए लीज पर दे रखी है। फर्म अभी तक चार में दो मंजिल का निर्माण भी नहीं कर सकी है। शर्तों के अनुसार मल्टीप्लेक्स कांपलेक्स में सिर्फ ब्रांडेड कंपनियों के प्रतिष्ठानों का ही संचालन हो सकता है। मगर फर्म संचालक ने ग्राउंड फ्लोर की दो दुकानें खानपान सामग्री बेचने के लिए आवंटित कर दी। इन दुकानों के माध्यम से पूड़ी सब्जी, ब्रेड ऑमलेट, पैक्ड स्नैक्स, पानी की बोतल आदि खानपान की वस्तुुएं बेची जा रहीं थीं। दुकान के संचालक ने कांपलेक्स में आगे की तरफ की काफी जमीन को काम के लिए घेर रखा था। इस बात की शिकायत डीआरएम संदीप माथुर से की गई। मंगलवार की देर शाम डीआरएम के आदेश पर आरपीएफ ने खानपान बेचने के कार्य में लगे मैनेजर समेत 23 कर्मचारियों को पकड़ लिया।