शुक्रवार को सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई, जिसमें मुख्य विकास अधिकारी ए दिनेश कुमार ने स्कूलों में सड़क सुरक्षा क्लब गठित करने के निर्देश दिए। इस दौरान शहर में सिटी बस चलाने पर भी चर्चा हुई, जिस पर तय हुआ कि इसका प्रस्ताव जिलाधिकारी के माध्यम से शासन को भेजा जाएगा।
विकास भवन सभागार में आयोजित बैठक में सीडीओ ने कहा कि स्कूलों में पंद्रह सदस्यीय सड़क सुरक्षा क्लब बनाई जाए, जिसमें एक नोडल अध्यापक, एक खेल शिक्षक व एक अन्य अध्यापक को शामिल किया जाएगा। इसके अलावा बारह विद्यार्थियों को क्लब का सदस्य बनाया जाए। क्लब नियमित रूप से विद्यालय में सड़क सुरक्षा जागरूकता संबंधी कार्यक्रम आयोजित करे। एआरटीओ आर के सिंह ने बताया कि जनपद के 44 विद्यालयों के बत्तीस हजार से अधिक विद्यार्थियों का डाटा बेस तैयार किया गया है। इसमें दस हजार से ज्यादा छात्र ऑटो, ढाई हजार स्कूल बस एवं उन्नीस हजार से अधिक छात्र अपने साधन से स्कूल आते जाते हैं। स्कूलों से अनुरोध किया गया है कि वह नियमानुसार संचालित होने वाले वाहनों से ही बच्चों को आने जाने दें। अन्यथा की स्थिति में स्कूल प्रबंधन जिम्मेदार होगा। साथ ही उन्होंने बताया कि स्कूली वाहनों के व्यावसायिक उपयोग पर 39 वाहनों को बंद किया गया है।
इस मौके पर आरटीओ ओपी सिंह, रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक डीवी सिंह, क्षेत्राधिकारी यातायात वीके तिवारी, डीआईओएस डा. नीरज कुमार पांडेय मौजूद रहे। आभार एआरटीओ सिद्धार्थ यादव ने जताया।