झांसी। गड्ढों से लोगों को हो रही परेशानी को लेकर प्रशासन की नींद टूटी। अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद बृहस्पतिवार को नगर निगम की टीम ने पुलिया नंबर नौ में हुए गड्ढे को भरवाया। इसे लेकर क्षेत्र के लोगों को खासी राहत मिली है। वहीं लोग लगातार सेल्फी भेजकर अपने क्षेत्र की समस्याओं के प्रति आवाज बुलंद कर रहे हैं।
अमर उजाला के सेल्फी विद गड्ढा अभियान के तहत लोग अपने क्षेत्र की सड़कों की समस्याएं उठा रहे हैं। अपने कर्तव्य को अदा करते हुए लोग लगातार सड़कों को दुरुस्त करने की मांग कर रहे हैं। अमर उजाला ने 23 सितंबर के अंक में पुलिया नंबर नौ क्षेत्र के निवासी इरफान द्वारा भेजी गई सड़क पर हुए गड्ढे की तस्वीर को प्रकाशित किया था। जिसके बाद बृहस्पतिवार को नगर आयुक्त अवनीश राय के निर्देश के बाद नगर निगम के निर्माण विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर गड्ढे को भरवाया। इस दौरान लोगों ने राहत महसूस की। इरफान ने बताया कि गड्ढे के चलते आए दिन लोग हादसे के शिकार होते थे। अब लोगों को परेशानी से निजात मिलेगी।
उधर, नगर आयुक्त अवनीश राय ने निगम के निर्माण विभाग के अधिकारियों को गड्ढों को भरने के निर्देश दिए हैं। वहीं अभियान के तहत एक और पाठक स्वदेश नायक ने तस्वीर भेजकर अवगत कराया था कि खंडेराव गेट से तहसील मार्ग पर पाइप लाइन लीकेज के कारण पानी सड़क पर बह रहा है। इस संबंध में जलसंस्थान के अधिशासी अभियंता कुलदीप सिंह ने बताया कि उक्त स्थान से मेन वितरण पाइप लाइन गुजरी है, जिसका वाल्व मौके पर लगा है। वाल्व से थोड़ा पानी रिसता रहता है। इस समस्या को दूर करने के लिए जल्द ही यहां पर चैंबर बनवाया जा रहा है।
सड़कें बन गईं तालाब, कुछ तो करो सरकार
जिले की सड़कों पर गड्ढे और उनकी बदहाली का आलम लोग सेल्फी के जरिए बयां कर रहे हैं। कहीं सड़कें तालाब में तब्दील हो चुकी हैं, तो कहीं गड्ढे लोगों के लिए परेशानी का सबब बन रहे हैं। महानगर में तमाम जगहों पर तो जल निगम की लापरवाही के चलते लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। अमर उजाला के अभियान के तहत लोग लगातार अपनी आवाज को बुलंद कर रहे हैं। बृहस्पतिवार को ओमशांति ग्रीन गार्डन के पास निवासी शैलेंद्र ने गड्ढे और नाली की दुर्दशा की तस्वीर भेजी। इसके साथ ही मामूद अली ने सेंट उमर स्कूल के पास नाली दुर्दशा की सेल्फी भेजी। अमित चक्रवर्ती ने नारायण बाग तिराहे के पास हुए गड्ढे के साथ सेल्फी साझा करते हुए कहा कि गड्ढे के चलते लोगों को दिक्कत हो रही है। इसे दुरुस्त कराया जाए। वहीं आवास विकास निवासी आशीष यादव ने केके पुरी में सड़क की बदहाली की तस्वीर भेजी। उन्होंने कहा कि जल निगम ने पाइपलाइन डालने के बाद सड़क को बनाया नहीं हैं। इससे मुसीबत का सामना करना पड़ रहा है। गांव ढिकोली के सत्येंद्र परिहार ने रक्सा के गांव ढिकौली में गड्ढे से तालाब में तब्दील हुई सड़क की सेल्फी भेजी। उन्होंने सड़क का निर्माण कराने की मांग की है।
आप भी भेजें तस्वीर
सड़क पर गड्ढों में गिरकर लोग दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। इस समस्या के समाधान के लिए अमर उजाला ने सेल्फी विद गड्ढा अभियान शुरू किया है। एक जागरूक नागरिक का कर्तव्य पूरा करते हुए आप गड्ढे के साथ सेल्फी खींचकर हमें भेजें, जिसे हम अमर उजाला में प्रकाशित करेंगे। इतना ही नहीं, समस्या के समाधान के लिए जिम्मेदार विभाग तक पहुंचाएंगे। सेल्फी के साथ नाम तथा उस जगह का नाम जरूर लिखें जहां सड़क पर गड्ढा है। सेल्फी मोबाइल नंबर 9415183605 पर भेजी जा सकती है।