बरूआसागर। समीपवर्ती ग्राम चिपलौठा का संपर्क मार्ग खस्ता हाल हो गया है जिससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रदेश शासन के फरमान के अनुसार 31 अक्तूबर तक सड़कों को गढ्ढा मुक्त किया जाना था लेकिन इस सड़क को न ही गढ्ढा मुक्त किया गया और न ही इसका निर्माण।जिला पंचायत के अधीन इस सड़क के निर्माण का टेंडर कई महीनों पूर्व होने के बाद भी काम शुरू नहीं हुआ।
चिपलौठा जाने के लिए ग्राम घुघुआ से 2.4 किलोमीटर का संपर्क मार्ग बना हुआ है इस मार्ग की वर्षों से न तो मरम्मत की गई और न ही सड़क का नवनिर्माण। जिससे इस सड़क की हालत बद से बदतर होती जा रही है। जानकारी के अनुसार इस मार्ग के निर्माण के लिए जिला पंचायत से इसी वर्ष 5 जुलाई में 57 लाख रुपए की राशि से निर्माण किए जाने हेतु निविदा निकाली गई थी जिसकी निविदा 19 जुलाई को खोली गई थी तथा निविदा स्वीकृत की गई लेकिन इसके बावजूद सड़क का निर्माण कार्य आज तक शुरू नहीं हो पाया है।