फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सड़क निर्माण को निकाला ‘बीच का रास्ता’

Wed, 07 Mar 2018 02:09 AM IST
jhansi
विज्ञापन
road - फोटो : demo
विज्ञापन
ग्वालियर मार्ग पर पॉलीटेक्निक रेलवे क्रॉसिंग से पाल कॉलोनी (शिवपुरी रोड फोरलेन) तक चौड़ीकरण में बाधा बने पेड़ अब नहीं काटे जाएंगे। नौ मीटर के स्थान पर अब सात मीटर चौड़ी सड़क बनाने का निर्णय लिया गया है। बीच का रास्ता निकाल लिए जाने से अब सड़क का निर्माण फिर से शुरू किया जाएगा। वन विभाग भी तैयार हो गया है और एक-दो दिन में काम भी शुरू होने के आसार हैं।
विज्ञापन

नगर निकाय चुनाव से पहले नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना ने पॉलीटेक्निक रेलवे क्रॉसिंग से पाल कॉलोनी तक सड़क चौड़ीकरण कार्य का शिलान्यास किया था। काम शुरू हो गया, लेकिन सड़क के चौड़ीकरण में पेड़ बाधा बन गए। 110 पेड़ काटने के लिए वन विभाग से अनुमति मांगी गई तो वन मंत्रालय नई दिल्ली से पत्राचार शुरू हो गया, लेकिन अभी तक इजाजत नहीं मिली है। इस चक्कर में तीन महीने से काम रुका पड़ा है। उधर, ट्रैफिक दिनों दिन बढ़ने से आए दिन जाम की स्थिति बनती है। सड़क चौड़ीकरण ही एकमात्र विकल्प होने के कारण समाधान निकाला गया और नगर निगम ने सड़क की चौड़ाई दो मीटर कम करने का फैसला किया है।
नगर निगम के मुख्य अभियंता एलएन सिंह ने बताया कि नौ मीटर की जगह सात मीटर चौड़ी सड़क बनेगी। सड़क चौड़ीकरण का काम एक-दो दिन में शुरू हो जाएगा। अन्य प्रक्रियाएं चलती रहेंगी, इससे बेवजह काम नहीं रुकेगा। वहीं, प्रभागीय वनाधिकारी डॉ. मनोज कुमार शुक्ला ने कहा कि सहमति बन गई है, इसमें कोई दिक्कत नहीं है। सड़क का निर्माण शुरू किया जा सकता है।
विज्ञापन



अनापत्ति के कारण अटका काम
झांसी से बबीना मार्ग चौड़ीकरण का काम वन विभाग की अनापत्ति नहीं मिलने के कारण अटका है। सड़क चौड़ीकरण का काम तत्कालीन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के समय में शुरू हुआ था, लेकिन अभी तक वन विभाग की अनापत्ति नहीं मिली है। इसके लिए केंद्रीय वन मंत्रालय नई दिल्ली से अनुमति लेना आवश्यक है। एक बार फिर से वन विभाग ने अनापत्ति जारी करने को वन मंत्रालय को लिखा है, ताकि जल्द अनुमति मिल जाए।
इनसेट :::
बालाजी मार्ग पर नाली निर्माण तेज
झांसी से उन्नाव बालाजी मार्ग पर मप्र के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस तिराहा से गणेश चौराहा तक नाली निर्माण के काम में तेजी आ गई है। आसाराम आश्रम की दीवार टूट जाने के बाद अब दीवार के किनारे से नाली बनाई जा रही है। होली पर अवकाश के कारण मजदूर छुट्टी पर चले गए थे। वापस काम पर लौटने के बाद निर्माण में तेजी आ गई है। दो से तीन दिन में नाली का निर्माण पूरा हो जाएगा।


पुलिया तोड़ने में मिली सफलता
रिसाला चुंगी से गल्ला मंडी होते हुए बकरा मंडी तक सड़क चौड़ीकरण में एक के ऊपर एक बनी पुलिया की बाधा दूर हो गई है। नगर निगम ने दोनों पुलिया को ड्रिलिंग मशीन से तोड़ दिया है। अब नए सिरे से ऊंचाई पर पुलिया की स्लैब डाली जा रही है। इससे यह फायदा होगा कि नाला चोक नहीं होगा और बरसात में अजय इंक्लेव समेत आसपास के क्षेत्र में जलभराव नहीं होगा। इस सड़क पर अतिक्रमण बहुत अधिक है। आधे रास्ते का अतिक्रमण तोड़ दिया गया है तथा नाली निर्माण पूरा हो गया है। जल्द ही बकाया अतिक्रमण तोड़ा जाएगा। अतिक्रमण साफ हो जाने के बाद सड़क के दोनों ओर नाली का निर्माण होगा। इसके बाद डिवाइडर और सड़क बनाई जाएगी।

छोटा बनेगा डिवाइडर
कचहरी चौराहा से जेल चौराहा तक सड़क चौड़ीकरण कार्य चल रहा है। जिलाधिकारी शिवसहाय अवस्थी ने निरीक्षण कर डिवाइडर को कम ऊंचाई का बनाने के निर्देश दिए हैं। सड़क के दोनों ओर नाली व केबल के लिए यूटीलिटी चैनल व साइड चैनल बनाने का काम चल रहा है तथा सड़क पर गिट्टी डाली जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें