दुर्घटना में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत, चार घायल
झांसी। शुक्रवार की देर रात निवाड़ी में हुए एक सड़क हादसे में तालपुरा के एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार घायल हो गए, जिनका इलाज मेडिकल कॉलेज में किया जा रहा है। ये सभी वैन में सवार होकर चित्रकूट से झांसी की ओर से लौट रहे थे। इसी बीच निवाड़ी में वैन गैस टैंकर से जा टकराई।
नवाबाद थाना इलाके के तालपुरा निवासी पूरन सिंह यादव (50) दो दिन पहले अपने परिवार के लोगों के साथ वैन से चित्रकूट दर्शन करने गए थे। शुक्रवार की रात वे झांसी लौट रहे थे। इसी दरम्यान मप्र के निवाड़ी में घुघुवा के पास वैन सड़क पर आगे जा रहे गैस टैंकर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी की वैन का अगला हिस्सा टैंकर के पीछे नीचे की ओर जा घुसा। इसे वहां चीखपुकार मच गई। सड़क से गुजर रहे लोगों ने दुर्घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को अस्पताल पहुंचाया। हादसे में पूरन सिंह यादव, उनकी चचेरी बहन शीला देवी और शीला के भतीजे रचित (10) की मौत हो गई। जबकि, पूरन की पत्नी कमला, पुत्र अभिषेक, पुत्री दिव्यांशी व परिवार की रोली घायल हो गईं, जिनका इलाज महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में जारी है। वहीं, शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद मृतकों के शव परिजनों को सौंप दिए गए। एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से क्षेत्र में शोक का माहौल है।