हाईवे पर हार्वेस्टर मशीन को ठीक करते समय पीछे से आ रहे एक कंटेनर ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कंटेनर चालक गाड़ी के अंदर बुरी तरह फंस गया। वहीं, एक की मौके पर मौत हो गई दूसरे ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया है।
झांसी-ललितपुर हाईवे पर सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई है और दो घायल बताये जा रहे हैं। हाईवे पर हार्वेस्टर मशीन को ठीक करते समय पीछे से आ रहे एक कंटेनर ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक की मौके पर ही मौत हो गई, दो के पैर बुरी तरह जख्मी हो गये। कंटेनर चालक भी स्टीयरिंग में बुरी तरह फंस गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे बाहर निकला गया और सभी घायलों को अस्पताल भेजा गया। मामला रक्सा थाना इलाके के डोंगरी पुल के पास का है।
विज्ञापन
स्टीयरिंग में फंसे घायलों को मुश्किल से निकाला
बरेली निवासी चमन, सलीम और सलमान ललितपुर के महरौनी से फसल काटकर हार्वेस्टर मशीन से बरेली लौट रहे थे। डोंगरी पुल के ऊपर हाईवे पर हार्वेस्टर के पहिए चिपक गए थे, जिससे मशीन आगे नहीं बढ़ पा रही थी। तीनों लोग हार्वेस्टर को हाईवे पर खड़ा कर उसके नीचे पहिए ठीक कर रहे थे। इसी दौरान बेंगलुरु से दिल्ली जा रहे एक कंटेनर ने पीछे से हार्वेस्टर को जोरदार टक्कर मार दी। कंटेनर को प्रतापगढ़ निवासी अखिलेश चला रहा था। टक्कर इतनी भीषण थी कि सलमान की ट्रक के पहियों के नीचे आने से मौके पर ही मौत हो गई। सलीम और चमन के पैर पूरी तरह से कुचल गए और हार्वेस्टर के नीचे फंस गए। कंटेनर चालक अखिलेश भी ट्रक की स्टीयरिंग में फंस गया और करीब आधे घंटे तक बाहर नहीं निकल पाया। कड़ी मशक्कत के बाद स्टीयरिंग को काटकर उसे बाहर निकाला गया। बताया गया कि उपचार के दौरान चमन की भी मौत हो गई है।
हाईवे एक घंटे रहा बाधित
हादसे की वजह से झांसी-ललितपुर हाईवे पर लगभग एक घंटे तक यातायात बाधित रहा, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे डोंगरी चौकी प्रभारी उमाशंकर मिश्रा अपने स्टाफ राजेश चंदेल, कांस्टेबल विजय करन, विजय कुमार और उप निरीक्षक ओमवीर पाल सड़क से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया तब कहीं जाकर यातायात चालू हो सका। घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज भेजा गया है, जहां उनका इलाज जारी है।