झांसी। आरपीएफ ने माताटीला स्टेशन के निकट मालगाड़ी से चावल की 20 बोरी चोरी करने वाले एक बदमाश को पकड़ लिया है। खरीदने वाले दुकानदार को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। अभी पांच आरोपी फरार हैं, जिनकी आरपीएफ तलाश कर रही है।
विगत 24 मई को माताटीला स्टेशन पर खड़ी मालगाड़ी के एक वैगन की सील तोड़कर बदमाशों ने चावल की 20 बोरी चोरी कर ली थीं। आरपीएफ ललितपुर ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। मंगलवार को आरपीएफ की डिटेक्टिव विंग एवं ललितपुर स्टाफ ने मुखबिर की सूचना पर साजिश में शामिल तालबेहट थाना क्षेत्र के पठापुरा गांव निवासी अजय पुत्र रामचरण को पकड़ लिया। आरोपी ने बताया कि एक बोरी उसने घर पर खाने के लिए रख ली थी और बाकी वनगुवां कलां निवासी दुकानदार जितेंद्र कुमार निषाद को बेच दी थी। आरपीएफ ने छापा मारकर दुकानदार व उसकी दुकान से 19 बोरी चावल बरामद कर लिया। आरपीएफ उक्त वारदात में शामिल अन्य आरोपी तालबेहट के फुटेरा गांव निवासी जीवन राजपूत, रविंद्र राजपूत, आजादपुरा फुटेरा निवासी रमेश, पठापुरा निवासी धीरज सिंह व गांव थाना निवासी महेंद्र सिंह यादव की तलाश कर रही है।