अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। पत्नी की देखभाल के लिए रखे केयरटेकर ने सेवानिवृत्त डाककर्मी पर चार साल तक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। नवाबाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
बरुआसागर निवासी महिला ने पुलिस को बताया कि पति के बेरोजगार होने से वह नौकरी तलाश रही थी। एक परिचित के सहारे वह शिवाजी नगर निवासी अनूप व्यास से मिली। अनूप डाक विभाग में नौकरी करता था। अनूप की पत्नी के बीमार होने से वह बिस्तर पर रहती हैं। अनूप ने उनकी देखभाल के लिए उसे अपने मकान में कमरा दे दिया। हर महीने वेतन भी देता था। उसके पति को डाक विभाग में दैनिक कर्मचारी लगा दिया। कुछ महीनों बाद अनूप ने उससे नजदीकियां बढ़ा ली। उसके साथ धोखे से संबंध बनाए। अनूप के बेटे को जब इसका पता चला तब विवाद हुआ। उसने अनूप के घर को छोड़ने की कोशिश की। इस पर अनूप नाराज हो उठा। वह उसे धमकाने लगा। इससे वह डर गई। करीब चार माह पहले आरोपी अनूप डाकघर से रिटायर हो गया। घर में रहने से अनूप मनमर्जी करता था। इस वजह से एक माह पहले भी उसने घर छोड़ने की कोशिश की। आरोपी अनूप ने उसके बेटों के सामने उसे बेइज्जत कर दिया। नाराज होकर बेटों ने उसे छोड़ दिया। इसके बाद महिला अनूप की शिकायत लेकर नवाबाद थाने पहुंची। पुलिस ने आरोपी अनूप समेत दुग्गल पांडेय एवं उसके पुत्र मोनू पांडेय के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की है। नवाबाद थाना प्रभारी जेपी पाल के मुताबिक आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके उसकी तलाश की जा रही है।