संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। एडीआरएम व सीनियर डीसीएम सोमवार रात अचानक रेलवे स्टेशन पर पहुंचे और सर्दी में महाकुंभ प्रयागराज जाने वाले श्रद्धालुओं के रुकने आदि की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने सर्कुलेटिंग एरिया में वाटरप्रूफ टेंट लगाकर विश्रामगृह बनाने व गद्दे-कंबल आदि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बुधवार को इस व्यवस्था से यात्रियों को काफी राहत मिली।
ललितपुर से प्रयागराज के लिए नियमित ट्रेनों के अलावा स्पेशल ट्रेनों का भी ठहराव किया गया है। प्रयागराज जाने के लिए गोरखपुर एक्सप्रेस सप्ताह में चार दिन रविवार, सोमवार, बुधवार और शुक्रवार सुबह आठ बजे जाती है। जबकि, प्रयागराज एक्सप्रेस रोजाना रात 7:40 बजे और बरौनी एक्सप्रेस बृहस्पतिवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन तक रात 8:55 बजे प्रयागराज के लिए जाती है। यह ट्रेन टीकमगढ़, खजुराहो के रास्ते प्रयागराज जाती है। प्रयागराज-छिक्की कुंभ मेला स्पेशल ट्रेन सप्ताह में पांच दिन रविवार, सोमवार, मंगलवार, बुधवार और बृहस्पतिवार दोपहर 12:10 बजे आकर 12:05 बजे रवाना हो रही है। जबकि, तीन अन्य स्पेशल कुंभ ट्रेनों को भी शाही स्नान के एक दिन पहले ठहराव दिया गया है।
बीते 12 और 13 जनवरी को महाकुंभ जाने के लिए यात्रियों की भीड़ रेलवे स्टेशन पर पहुंच गई। संभावना से अधिक भीड़ पहुंचने के चलते रेल कर्मियों के साथ जीआरपी और आरपीएफ को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी थी। इसकी जानकारी मिलने पर 13 जनवरी की रात में एडीआरएम पीपी शर्मा, सीनियर डीसीएम अमन वर्मा ने रेलवे स्टेशन पहुंचकर प्रयागराज जाने वाली ट्रेनाें के समय यात्री व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
रेलवे स्टेशन के बाहर सर्कुलेटिंग एरिया में टेंट लगाकर महाकुंभ जाने वाले यात्रियों के लिए विश्रामगृह बनाने के निर्देश दिए। बुधवार को एक बड़ा वाटर प्रूफ टेंट लगाया गया। यात्रियों के विश्राम के लिए गद्दे-कंबल के इंतजाम भी किए जा रहे हैं, ताकि यात्री कड़ाके की ठंड में ठिठुरें न। यहां पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था भी की जाएगी।