सोलह मई को समथर थाना क्षेत्र के पचवई नहर के पास से बरामद की गई लापता छात्रा के मामले में नया मोड़ आ गया है। पिता ने आरोप लगाया है कि उसकी पुत्री को अगवा कर गैंग रेप किया गया। बाद में जबरन निकाह भी किया। एसएसपी के निर्देश पर समथर थाने की पुलिस ने एक महिला समेत पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। वहीं, पुलिस ने घटना पर संदेह जताते हुए प्रथम दृष्टया इस मामले को पेशबंदी का बताया है। इस मामले की तह तक जाने के लिए पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी को दबिश दे रही है।
छात्रा के पिता ने एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उसकी पुत्री कक्षा दसवीं की छात्रा है। छह मई को वह अपनी छात्रवृत्ति निकालने मोंठ के एक बैंक गई थी। वहां गांव का मौसम खां अपने मौसेरे भाई गरौठा निवासी मुश्ताक के साथ पहुंचा। उसने शनिवार होने के कारण बैंक न खुलने की जानकारी दी। साथ ही कहा कि वह गांव जा रहा है, वह भी चल सकती है। मौसम की बातों में आकर उसकी पुत्री बाइक पर बैठ गई। लेकिन, मौसम ने गांव न आकर बाइक पूंछ रोड पर मोड़ दी। पुत्री ने विरोध किया तो दोनों ने तमंचा दिखाकर उसे धमकाया। दोनों लोग उसकी पुत्री को पूंछ ले गए। वहां मौसम का चचेरा भाई बसोवई निवासी शहजाद खां अपने दोस्त शहीद खान के साथ कार लेकर आ गया। सभी लोग लड़की को कार से गरौठा ले गए। आरोप है कि लड़की को एक कमरे में बंधक बनाकर रात भर दुष्कर्म किया गया। दूसरे दिन सुबह मुश्ताक उसकी पुत्री को ट्रेन से दिल्ली ले गया। दिल्ली में चार दिन तक लड़की को बंधक बनाकर शोषण करता रहा। इसके बाद वह उसकी पुत्री को लेकर गरौठा आया। मौका पाकर उसकी पुत्री मुश्ताक को चकमा देकर भागने में सफल हो गई।
पीड़िता के पिता ने बताया कि लड़की के घर न लौटने पर उसने आठ मई को समथर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने 16 मई को उसकी पुत्री को पचवई नहर के पास से बरामद कर उसके सुपुर्द कर दिया। लड़की की बरामदगी के बाद आरोपियों ने उसे धमकी दी, जिससे वह थाने में शिकायत करने नहीं गया। एसएसपी जे के शुक्ला के निर्देश पर समथर थाने में मौसम, शहजाद, शहीद, मुश्ताक और मुश्ताक की मां हसीना के खिलाफ अगवा करने, गैंगरेप और जबरन निकाह करने की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई।
इस मामले में समथर थानाध्यक्ष गगन कुमार गौड़ का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला पेशबंदी का सामने आया है। थानाध्यक्ष के अनुसार आरोपी मौसम खां के पिता सलीम खां ने बताया कि गांव में प्रधान पद के चुनाव के बाद गुटबाजी चल रही है। चुनावी रंजिश के कारण ही उसके लड़के व रिश्तेदारों को झूठे मामले में फंसाया गया है। हालांकि, पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश देनी शुरू कर दी हैं।