झांसी। कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के बीच दलालों द्वारा कोरोना पॉजिटिव महिला की डिलीवरी कराने के मामले की स्वास्थ्य विभाग की तरफ से जांच तक नहीं कराने की शिकायत गरौठा विधायक जवाहर लाल राजपूत ने स्वास्थ्य मंत्री से की। विधायक ने स्वास्थ्य विभाग की लचर कार्यप्रणाली का भी मामला उठाया। साथ ही, विभाग में बदलाव की मांग की। मंत्री ने सीएमओ से पूरे मामले की रिपोर्ट तलब कर ली है।
शहर की रहने वाली एक गर्भवती महिला की कोरोना वायरस की जांच कराने के लिए महिला अस्पताल में भर्ती किया गया था। महिला का सैंपल लेकर जांच के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। जांच रिपोर्ट में महिला पॉजिटिव आ गई। इसकी रिपोर्ट महिला अस्पताल को भेज दी गई। बताया गया कि रिपोर्ट में समय लगने के कारण परिजन पहले ही उसे मेडिकल कॉलेज ले जाने की बात कहकर अस्पताल से निकल गए। मेडिकल कॉलेज में भर्ती होने के पहले ही परिजन दलालों के संपर्क में आ गए।
दलाल अपनी बातों में फंसाकर मेडिकल कॉलेज को मेडिकल कॉलेज के पास स्थित एक निजी अस्पताल ले गए। वहां सर्जन को बुलाकर महिला की डिलीवरी करा दी गई। अमर उजाला ने इस मामले का प्रमुखता से प्रकाशित किया, इसके बावजूद सीएमओ ने जांच तक नहीं कराई। सोमवार को गरौठा विधायक ने लखनऊ में स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह से मुलाकात की। विधायक ने अमर उजाला में प्रकाशित खबर का हवाला देते हुए कार्रवाई की मांग की। इस पर मंत्री ने तुरंत सीएमओ से मामले की रिपोर्ट तलब कर ली है। इस दौरान विधायक ने मंत्री को बताया कि स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली बहुत लचर है। ऐसे में बदलाव होना चाहिए। मंत्री ने जल्द उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।