झांसी। माताटीला बांध के पावर हाउस में आई खराबी के बाद बुधवार को ललितपुर ग्रामीण फीडर से बिजली आपूर्ति सुचारु कर दी गई। इससे राहत की बात यह है कि अब महानगर को 68 एमएलडी पानी की आपूर्ति होती रहेगी, इससे लोगों को पानी की अधिक परेशानी नहीं झेलनी पड़ेगी।
माताटीला बांध के पावर हाउस के ब्रेकर और पैनल जल जाने के कारण जलापूर्ति बाधित हो गई थी। काम चलाने के लिए 320 केवीए का जनरेटर लगाया गया था। पावर हाउस दस दिन में सुचारु होने के कारण कहीं जलापूर्ति बाधित न हो जाए, इसलिए जल निगम के अधिशासी अभियंता ने उच्च अधिकारियों से बातचीत की और समस्या बताई। इसके बाद ललितपुर के ग्रामीण बिजली फीडर से माताटीला की लाइन को जोड़ने पर सहमति बन गई और लाइन जोड़ दी गई।
हालांकि, ग्रामीण फीडर से अधिकतम 18 घंटे ही बिजली आपूर्ति होने और कम वोल्टेज की समस्या के कारण पानी की पंपिंग करने में दिक्कत आ रही है। इसके सहयोग के लिए जनरेटर चलाया जा रहा है। महानगर के लिए माताटीला से 68 एमएलडी पानी की आपूर्ति होगी। इससे लोगों को परेशान नहीं होना पड़ेगा। इसके अलावा जनरेटर बराबर चलाया जा रहा है। इससे भी जलापूर्ति सुचारु बनी रहेगी। बता दे कि एक एमएलडी में दस लाख लीटर पानी होता है।
ग्रामीण क्षेत्र के फीडर से बिजली की लाइन जोड़ दी गई है। 68 एमएलडी पानी मिलता रहेगा और जलापूर्ति सुचारु रहेगी। फिर भी लोगों से अपील है कि अनावश्यक पानी का दुरुपयोग न करें।
- रणविजय सिंह, अधिशासी अभियंता
उप्र जल निगम