जीएसटी पोर्टल पर मंगलवार को अंतिम दिन तक जिले के चौदह हजार व्यापारियों में से साढ़े आठ हजार ने ही नामांकन कराया। आखिरी दिन नामांकन के लिए वाणिज्य कर कार्यालय में व्यापारियों की भारी भीड़ जमा रही। अब नामांकन न कराने वाले व्यापारियों के वाणिज्य कर विभाग पंजीकरण निरस्त करेगा।
एक जुलाई - 2017 से जीएसटी लागू होना है। इसके लिए करोबारियों को जीएसटी पोर्टल पर अपना ब्यौरा माइग्रेट कराना जरूरी है और यह काम उन्हें खुद करना है। इसके लिए सभी पंजीकृत कारोबारियों के मोबाइल व ईमेल पर लॉगइन आईडी और पासवर्ड भेज दिए गए हैं।
व्यापारियों को इनरोलमेंट (नामांकन) कराने के लिए 17 जनवरी तक की तिथि दी गई थी। मंगलवार को वाणिज्य कर कार्यालय में नामांकन कराने के लिए कारोबारियों की भीड़ लगी रही। यहां काम देर रात तक चलता रहा। आखिरी दिन पांच सौ से अधिक कारोबारियों ने नामांकन कराए।
वाणिज्य कर विभाग के ज्वाइंट कमिश्नर शशांक शेखर मिश्रा ने बताया कि अंतिम दिन तक जनपद में 60 प्रतिशत और मंडल के तीनों जिलों में 54.66 फीसदी कारोबारियों ने अपने नामांकन करा लिए। नामांकन कराने की तिथि अभी नहीं बढ़ाई गई है। हो सकता है कि तिथि बढ़ाए बिना ही नामांकन होते रहे। अगर आगे तिथि नहीं बढ़ाई गई, तो नामांकन नहीं कराने वाले कारोबारियों के पंजीयन निरस्त करने की कार्रवाई शुरू हो जाएगी।
पंजीयन लेने से लाभ
- सभी तरह के टैक्स खत्म हो जाएंगे। कारोबारी को सिर्फ जीएसटी व इनकम टैक्स को ब्यौरा देना होगा।
- पूरे देश में एक टैक्स होने से कारोबारी केंद्रीयकृत हो जाएंगे।
- पंजीयन लेकर कारोबारी चेकिंग, सर्वे आदि से बच सकते हैं।
- ऑनलाइन रिटर्न करने एवं अन्य सभी प्रार्थना पत्र ऑनलाइन दाखिल करने की सुविधा मिलेगी।
खुद नहीं हुआ तो आए कार्यालय
घर पर ऑनलाइन नामांकन करने का प्रयास किया था, लेकिन नहीं हो सका। इस कारण वाणिज्य कर कार्यालय आना पड़ा। यहां पर नामांकन तुरंत ही कर दिया गया। उम्मीद है कि जीएसटी से कारोबारियों को लाभ होगा।
- अनिल कुमार साहू, सदर बाजार
तिथि बढ़नी चाहिए
जीएसटी लागू होने से दूसरे राज्यों से माल मंगाना आसान हो जाएगा, लेकिन नामांकन के लिए अभी तिथि और बढ़नी चाहिए। कारोबारियों के पास तमाम समस्याएं रहती हैं, ऐसे में नामांकन के लिए मिला समय बहुत कम था। नामांकन की तिथि बढ़ना चाहिए।
- भूपेंद्र कुशवाहा, पठौरिया
इन नंबरों पर ले सकते है मदद
जीएसटी पोर्टल संबंधी जानकारी अथवा समस्याओं के निदान के लिए सहायक कमिश्नर अभिषेक गुप्ता के मोबाइल नंबर 07235002631 व सहायक कमिश्नर राजेश मौर्या 07235002633 पर कॉल कर मदद ली जा सकती है। इसके अलावा हेल्पलाइन नंबर 0522- 2721944, 3312600 और 0124- 4688999 पर सुबह आठ बजे से रात 12 बजे तक कॉल की जा सकती है।