खाद्य पदार्थों में मिलावट की रोकथाम के लिए शनिवार को खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग (एफडीए) की टीम ने कई प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की। इस दौरान मिर्च पाउडर में मिलावट होती पाई गई। इस पर नमूना लिया गया। एक मिठाई की दुकान से दो नमूने भरे गए।
एफडीए के अभिहित अधिकारी राजेश द्विवेदी के नेतृत्व में विभागीय टीम ने शनिवार की सुबह एक मसाला कारोबारी के प्रतिष्ठान पर छापा मारा। अभिहित अधिकारी ने बताया कि छापे के दौरान कारोबारी मिर्च पाउडर में भूरे और लाल रंग के दो अलग-अलग पाउडर मिलाते हुए मिला। टीम ने जब मिलाए जाने वाले पाउडर के बारे में पूछा, तो कारोबारी कोई जवाब नहीं दे सका। मौके पर बरामद एक क्विंटल से अधिक मिर्च पाउडर को सीज कर दिया गया। इसके अलावा 21 किलो पिसी हल्दी भी सीज की गई। दोनो मसालों के नमूने भी एकत्र किए गए। इसके बाद नगर मजिस्ट्रेट राम प्रकाश के नेतृत्व में टीम सदर बाजार पहुंची। यहां स्वीट्स की दुकान पर छापा मारकर रसगुल्ला और सोन पपड़ी के नमूने भरे। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक कुमार, कपिल गुप्ता, उपमा यादव व विजय बहादुर शामिल रहे। मऊरानीपुर में भी अभियान चलाया गया।
मिलाया जा रहा था रंग
अभिहित अधिकारी राजेश द्विवेदी ने बताया कि मिर्च पाउडर में प्रथम दृष्टया रंग की मिलावट पाई गई। हालांकि, इसकी पुष्टि जांच रिपोर्ट आने पर ही होगी। उन्होंने बताया कि उक्त प्रतिष्ठान में जन सामान्य की ओर से मिलावट की शिकायत आई थी। कारोबारी सुबह अपने काम को अंजाम देता था। ये मिलावटी मसाले चाट-पकौड़े वालों के पास सुबह ही सप्लाई कर दिए जाते थे।