झांसी। यदि आपकी त्वचा मोटी होने के साथ-साथ उसमें चकत्ते और तेज खुजली हो रही है तो इसे हल्के में न लें। यह सोरायसिस के लक्षण हो सकते हैं। इन दिनों हल्दी ठंडक की शुरूआत के बाद त्वचा रोग विशेषज्ञों की ओपीडी में 25 फीसदी मरीज बढ़ गए हैं।
सोरायसिस त्वचा से जुड़ी बीमारी है, जो कि किसी भी उम्र के व्यक्ति को हो सकती है। त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रतीक शिवहरे ने बताया कि इस बीमारी में त्वचा पर लाल रंग की मोटी परत बन जाती है, जिस पर चांदी के रंग की पपड़ी हो जाती है। इसमें खुजली के साथ दर्द और सूजन भी महसूस होती है। त्वचा झड़ने जैसी दिखाई पड़ती है। ये बीमारी नाखून, सिर और जोड़ों को भी प्रभावित कर देती है। ऐसे में जोड़ों में दर्द होने लगता है। समय पर इलाज न कराने पर ये बीमारी पूरे शरीर की त्वचा में हो सकती है। उन्होंने बताया कि बीमारी ठीक होने में सामान्यता दो से तीन महीने का समय लगता है। कुछ केस में छह से आठ महीने में मरीज ठीक हो पाते हैं। ये बीमारी ठीक होने के बाद दोबारा हो सकती है। इसलिए डॉक्टर द्वारा बताए गए साबुन, शैंपू, क्रीम का नियमित उपयोग करने से बीमारी लंबे समय तक नियंत्रण में रहती है। इन दिनों इस बीमारी के मरीज 25 फीसदी बढ़ गए हैं। वहीं, मेडिकल कॉलेज के त्वचा रोग विभागाध्यक्ष डॉ. नीरज श्रीवास्तव ने बताया कि रूखी त्वचा वाले लोगों को ये बीमारी होने की आशंका ज्यादा रहती है। ये बीमारी आनुवंशिक भी है। यदि अभिभावक में किसी एक को सोरायसिस है तो बच्चे को 10 फीसदी और माता व पिता दोनों को ये बीमारी है तो बच्चे को सोरायसिस होने की 30 फीसदी संभावना रहती है। उन्होंने बताया कि 250 मरीजों की ओपीडी में इन दिनों 60-70 मरीज सोरायसिस की समस्या लेकर आ रहे हैं।
इन कारणों से भी होती बीमारी
- सिगरेट का सेवन करना
- शराब का सेवन करना
- ज्यादा तनाव लेना