झांसी। अबकी 24 नवंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पॉलिटेक्निक मैदान में सभा होगी। ओवरब्रिज के काम की वजह से पिछले तीन दिन से बंद चल रही ग्वालियर रोड क्रॉसिंग को इस दौरान दो दिन (23 व 24 नवंबर) के लिए खोला जाएगा। कार्यक्रम को लेकर पार्टी नेताओं ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
पार्टी मुख्यालय की तरफ से जिला पदाधिकारियों को पहले आदेश आया था कि सीएम झांसी आगमन के दौरान प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम में डेढ़ हजार प्रबुद्ध जनों को आमंत्रित करने के निर्देश दिए गए थे। इसके लिए जगह भी तय करने को कहा गया था।
लेकिन शुक्रवार को मुख्यालय से निर्देश मिला कि सम्मेलन नहीं बल्कि आगामी बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री की सभा होगी। महानगर अध्यक्ष मुकेश मिश्रा ने बताया कि सभा के लिए पॉलिटेक्निक मैदान का चयन हुआ है। इसके मद्देनजर 23 और 24 नवंबर को ग्वालियर रोड स्थित रेलवे क्रॉसिंग को भी खोला जाएगा। इसके लिए प्रशासन के अधिकारियों से बात हो गई है। मार्ग को भी साफ-सुथरा कराया जाएगा। ताकि, आवागमन में लोगों को परेशान न हो।
मैदान में साफ होने लगीं झाड़ियां
सीएम के दौरे के मद्देनजर पॉलिटेक्निक मैदान में झाड़ियां साफ की जाने लगी हैं। इसके अलावा पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने मैदान के समतलीकरण की तैयारियां भी शुरू कर दी हैं।