झांसी। आईजी कानपुर जोन के ‘एक नंबर भरोसा’ से पुलिस की कार्यशैली का दिन पर दिन खुलासा हो रहा है। वहीं, थाना पुलिस रिपोर्ट दर्ज करके कार्रवाई करने को मजबूर हो रही है।
मऊरानीपुर थानांतर्गत कटरा निवासी रमेशचंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि एक जून को आरोपियों ने हमारे घर पर फायरिंग की। जिसके सीसी फुटेज एसएसपी कार्यालय व थानाध्यक्ष मऊरानीपुर को दिए हैं मगर पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही। ‘एक नंबर भरोसा’ की टीम ने मामले की गंभीरता को देख विनोद सोनी समेत चार लोगों के खिलाफ जानलेवा हमला करने का मुकदमा दर्ज करवाया। बड़ागांव निवासी विवेक कुशवाहा ने शिकायत करते हुए बताया कि एक जून को उसके भाई को आरोपियों ने मारपीट कर घायल कर दिया गया।
भाई अस्पताल में भर्ती है मगर पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही। इस पर आईजी के आदेश पर आरोपी संजीव, उसकी पत्नी व विजयराम के खिलाफ मामला दर्ज हो सका। वहीं, कोतवाली के चंचल यादव की बाइक चोरी होने, मऊरानीपुर में दहेज उत्पीड़न व मोबाइल फोन खोने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की।