ककरबई। ग्राम पंचायत धमनौड़ में सरकारी राशन की दुकान में जांच करने पहुंची टीम के साथ महिला कोटेदार ने अभद्रता कर दी। टीम के सदस्यों ने जांच पूरी होने के बाद कोटेदार के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है।
बता दें कि धमनौड़ निवासी फूले, शिवराम, प्रमोद, सेवाराम, अवध किशोर ने कोटेदार के खिलाफ राशन में घटतौली का आरोप लगा शिकायत की थी। इसी मामले में अनियमितताओं की जांच के लिए मंगलवार को टीम गई थी। ए आर ओ संतोष यादव,नायब तहसीलदार राधा पालीवाल, सप्लाई इंस्पेक्टर सुमित सिंह एवं ककरबई थाने से उपनिरीक्षक विजय शंकर मिश्रा महिला कांस्टेबल प्रीति अनामिका मौके पर पहुंचे। टीम के आने की जानकारी मिलते ही शिकायतकर्ता और ग्रामीण भी एकत्र हो गए।
टीम ने जय मां संतोषी स्वयं सहायता समूह की अध्यक्ष एवं वर्तमान में कोटेदार क्रांति देवी से दुकान में उपलब्ध राशन का स्टॉक और अभिलेख दिखाने के लिए कहा। आरोप है कि महिला कोटेदार ने जांच टीम के साथ अभद्रता करते हुए मौके से खदेड़ दिया।
एआरओ संतोष यादव ने बताया कि जांच टीम के पहुंचने के पूर्व कोटेदार का पति कहीं छिपा गया। जांच पूरी होने के बाद संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।