झांसी। थाना नवाबाद में तैनाती के दौरान दुष्कर्म करने के आरोपी सिपाही को जेल भेज दिया गया। सिपाही पर संगीन आरोपों के कारण उसे एसएसपी ने निलंबित कर दिया है।
कटेरा थाने में कंप्यूटर आपरेटर पद पर तैनात सिपाही अनिल पटेल पर पुलिस लाइन में रहने वाली एक छात्रा ने दुष्कर्म करने के आरोप में बृहस्पतिवार को थाना नवाबाद में एफआईआर दर्ज कराई थी। एफआईआर दर्ज करने के बाद नवाबाद पुलिस सक्रिय हो गई। आरोपी को पूछताछ के लिए कल शाम को नवाबाद थाने बुलाया गया। शाम को उसके पहुंचने के बाद पुलिस ने पूछताछ की। उसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। शुक्रवार को सिपाही को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। उधर, अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए एसएसपी ने भी आरोपी अनिल पटेल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
बता दें कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाली छात्रा ने अनिल पर दुष्कर्म करने के साथ ही गर्भ गिराने के लिए नशीली दवाइयों को खिलाने का आरोप लगाया था। सिपाही पर दुष्कर्म का आरोप लगने के बाद से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। एसपी सिटी विवेक त्रिपाठी के मुताबिक आरोपी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।