संवाद न्यूज एजेंसी
दतिया। बुधवार को बसई में वीरांगना अवंती बाई लोधी की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा श्रम मंत्री प्रहलाद पटेल शामिल हुए। उन्होंने वीरांगना की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर जनसभा को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि लगभग 200 वर्ष पूर्व महज 22 वर्ष की आयु में रानी अवंतीबाई ने रामगढ़ राज्य की सत्ता संभालकर अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध जो संघर्ष किया, वह इतिहास में सदैव प्रेरणादायी रहेगा। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने समय का सदुपयोग करें। एकजुट होकर देश के विकास में योगदान दें और अच्छे संस्कारों को अपनाएं। उन्होंने नागरिकों से नशा मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लेने की अपील की। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।