संवाद न्यूज एजेंसी
मऊरानीपुर। दुडेरी नदी पर बने रपटे से बुधवार को आवागमन बंद कर दिया गया है। लोगों को जलमग्न रपटे को पार करने से रोकने के लिए पुलिस की तैनाती कर दी गई है। इसके अलावा ग्राम खनुआ में स्थित शंकरलाल माध्यमिक विद्यालय में भी अवकाश घोषित कर दिया गया है, ताकि बच्चों को रपटे से न गुजरना पड़े।
ग्राम खनुआ में स्थित शंकरलाल माध्यमिक विद्यालय में 125 बच्चे अध्ययनरत हैं। इनमें से 80 बच्चे खदरका गांव के हैं। इन बच्चों को विद्यालय पहुंचने के लिए दुडेरी नदी पर बना रपटा पार करना पड़ता है। बारिश की वजह से इन दिनों नदी का पानी रपटे के ऊपर से गुजर रहा है। रपटे के ऊपर बहते पानी से होते हुए बच्चे जोखिम उठाते हुए स्कूल पहुंच रहे थे। इस खतरनाक स्थिति को अमर उजाला के बुधवार के अंक में प्रकाशित खबर ‘पीठ पर बस्ता, स्कूल की राह में रपटा...बच्चों की जान हथेली पर’ के जरिये प्रमुखता से उठाया गया था।
इसके बाद पुलिस-प्रशासन हरकत में आया। लोगों को रपटे से गुजरने से रोकने के लिए उपजिलाधिकारी मनोज कुमार भारती के निर्देश पर रपटे के आसपास पुलिस तैनात कर दी गई है। प्रशासन ने वैकल्पिक मार्ग का इंतजाम करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं, विद्यालय का भी अवकाश घोषित कर दिया गया है। इस संबंध में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि स्थिति को देखते हुए विद्यालय में बच्चों का अवकाश रहेगा। शिक्षक विद्यालय पहुंचकर विभागीय कार्य करेंगे।