झांसी। कोरोना वायरस से बचाव के लिए संपूर्ण देश में लॉकडाउन है। घरों में वरिष्ठ नागरिक अपने - अपने तरीके से समय गुजार रहे हैं। इनमें कई अपने शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने को योग कर रहे हैं, तो कोई टेलीविजन चैनलों पर प्रसारित रामायण, महाभारत को देख कर प्राचीन भारत की महत्ता से बच्चों को रूबरू करा रहे हैं। अधिकांश बुजुर्गों का कहना है, कि नकारात्मक विचार किसी पर हावी न हों। ऐसे में रामचरित मानस सहित क ई पौराणिक ग्रंथों का अध्ययन हो रहा है। साथ ही पुन: प्रसारित रामायण, महाभारत सीरियल ने उनकी 30 साल पुरानी यादें की ताजा कर दी हैं।
इन दिनों वह योग, प्राणायाम और ध्यान का लगातार अभ्यास कर रहे हैं। इससे शरीर स्वस्थ रहता है और शरीर को शुद्ध आक्सीजन भी प्राप्त होती है। नकारात्मक ऊर्जा भी नहीं आती है।
डा. एमएम पांडेय, प्रोफेसर, वासुदेव विहार
घर में तुलसी और गिलोय सहित कई पौधे लगाए हुए हैं, ताकि वातावरण को स्वच्छ रखा जा सके। अब पहले से ज्यादा इनका ख्याल रख रहा हूं।
केवी कृष्ण कुमार. मसीहागंज
टेलीविजन पर प्रसारित धार्मिक सीरियल देखकर समय गुजर जाता है। साथ ही प्राचीन ज्योतिष साहित्य का भी व्यापक अध्ययन कर रहा हूं। इनके बारे में बच्चों को भी बता रहे हैं।
डा. नाथूराम पांडेय, न्यू रायगंज
टेलीविजन पर रामायण और महाभारत सहित कई पुराने प्रसिद्ध सीरियल शुरू हो गए हैं। इन्हें पूरे परिवार के साथ देखता हूं। इन सीरियलों ने पुरानी यादें ताजा कर दी हैं।
एमएल कपूर एडवोकेट निवासी सीपरी बाजार